कचरे और कीचड़ में डूबा गुमला बाजार, जीर्णोद्धार का इंतजार कर रहे दुकानदार और किसान

कचरे और कीचड़ में डूबा गुमला बाजार, जीर्णोद्धार का इंतजार कर रहे दुकानदार और किसान

गुमला(GUMLA):एक तरफ जहां देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छता अभियान पूरे देश भर में चला रहें है तो वहीं दूसरी तरफ गुमला में इसके विपरीत नजारा देखने को मिल रहा है जहां गुमला जिला मुख्यालय स्थित गुमला बाजार टांड़ की स्थिति इन दिनों काफी दयनीय हो गई है.बाजार परिसर में चारों ओर कचरा फैला हुआ है, वहीं बारिश के कारण रास्ते कीचड़ से भर गए है. लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. जिले के विभिन्न इलाकों से आने वाले किसान, व्यापारी और ग्राहक बाजार की बदहाली से परेशान हैं और इसके जीर्णोद्धार की मांग कर रहे है.

पानी और कीचड़ जमा होने के कारण ग्राहकों को आने-जाने में होती है परेशानी 

गुमला बाजार टांड़ में चिकन की दुकान लगाने वाले दुकानदारों ने बताया कि बरसात के दिनों में यहां की स्थिति और भी खराब हो जाती है. पानी और कीचड़ जमा होने के कारण ग्राहकों को आने-जाने में काफी परेशानी होती है.गंदगी के कारण कई ग्राहक बाजार आने से भी बचते हैं, जिसका सीधा असर दुकानदारों के कारोबार पर पड़ रहा है. गुमला बाजार जिले का प्रमुख बाजार है, जहां दूर-दराज के किसान अपनी उपज बेचने और खरीदारी करने के लिए पहुंचते है, लेकिन बाजार की खराब स्थिति के कारण उन्हें भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बदहाली के लिए सरकार और नगर परिषद जिम्मेदार

समाजसेवी सैयदा खातून ने बाजार की बदहाली के लिए सरकार और नगर परिषद को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि बाजार के जीर्णोद्धार के लिए करीब 5 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया था, लेकिन अब तक इसकी स्वीकृति नहीं मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो सका है.उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति और फैली गंदगी से दुकानदार, किसान और आम लोग काफी परेशान है.वहीं, इस मामले में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि गुमला बाजार के जीर्णोद्धार के लिए विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है. इसके तहत पूरे बाजार का कायाकल्प करने की योजना है.हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि एक साल पहले भी इसी तरह की जानकारी दी गई थी और अब तक काम क्यों शुरू नहीं हुआ, तो उन्होंने फंड की कमी का हवाला देते हुए कहा कि राशि उपलब्ध होने के बाद ही काम शुरू हो सकेगा.

लोग कर रहे है सफाई की मांग

फिलहाल गुमला बाजार टांड़ में अव्यवस्था बनी हुई है. जगह-जगह कचरा और कीचड़ के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी हो रही है. बाजार से टेंडर के माध्यम से राजस्व वसूली भी की जाती है, बावजूद इसके सफाई और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति खराब बनी हुई है.ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को जल्द से जल्द ठोस कदम उठाकर बाजार की स्थिति सुधारनी चाहिए.

रिपोर्ट-सुशील कुमार