गुमला: अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 गिरफ्तार; लाखों के जेवर और हथियार भी बरामद
गुमला के पालकोट में पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया. आरोपियों के पास से सोना, चांदी, नकदी, हथियार, कारतूस, मोबाइल और मास्टर की बरामद हुई.
गुमला (GUMLA): गुमला से बड़ी खबर सामने आई है जहां पालकोट थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 11 संदिग्ध सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों के पास से लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अवैध हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और ताला खोलने वाली मास्टर की बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार, इस गिरोह का संबंध ओडिशा के चर्चित कोराई गैंग से बताया जा रहा है. दरअसल, गुमला एसपी को 8 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बसिया के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन किया गया. टीम ने पालकोट थाना क्षेत्र के बिलिंगबिरा रोड स्थित सुमित केसरी के ईंट भट्ठे के सामने पहाड़ के समीप छापेमारी कर संदिग्धों को गिरफ्तार किया.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 69.9 ग्राम सोना, 1.340 किलोग्राम चांदी, 1.70 लाख रुपये नकद, एक देसी पिस्टल, दो देसी कट्टा, अलग-अलग बोर के 11 कारतूस, सात मोबाइल फोन और दो मास्टर की बरामद की. पुलिस के मुताबिक, मास्टर की का इस्तेमाल बंद घरों और दुकानों के ताले खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया जाता था. बरामद हथियार और कारतूस को लेकर भी पुलिस अलग से जांच कर रही है. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनके खिलाफ पालकोट थाना कांड संख्या 35/26 और घाघरा थाना कांड संख्या 39/26 से जुड़े मामलों में जांच शुरू की है. पूछताछ में पालकोट क्षेत्र में करीब 12 लाख रुपये के आभूषण की चोरी समेत घाघरा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं में गिरोह की कथित संलिप्तता सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान गिरोह के अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े कई अहम सुराग मिले हैं. जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य झारखंड के अलावा दूसरे राज्यों में भी चोरी, सेंधमारी और लूट की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के सामान की बरामदगी के लिए कार्रवाई कर रही है. SIT की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी के लिए विभिन्न राज्यों में भेजी गई हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी और पूर्व की घटनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है. मामले में आगे की जांच जारी है और बरामद सामान के आधार पर अन्य चोरी की घटनाओं से भी कनेक्शन खंगाला जा रहा है.
रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह