गुमला: आपसी विवाद में बड़े भाई ने टांगी से छोटे भाई की हत्या की, आरोपी फरार

गुमला: आपसी विवाद में बड़े भाई ने टांगी से छोटे भाई की हत्या की, आरोपी फरार

गुमला (GUMLA): गुमला जिले से दिल दहला देनी वाली खबर सामने आई है जहां घाघरा प्रखंड मुख्यालय स्थित महदनिया टोला में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आपसी कहासुनी के दौरान बड़े भाई ने टांगी से हमला कर अपने छोटे भाई की हत्या कर दी. मृतक की पहचान 35 वर्षीय तिवारी उरांव के रूप में हुई है. घटना के बाद आरोपी बड़ा भाई सुरेंद्र उरांव मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है. इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों का कहना है कि मामूली घरेलू विवाद ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है.

आपको बता दें, मृतक की पुत्री अनीशा ने बताया कि किसी घरेलू बात को लेकर उनके बड़े पिता सुरेंद्र उरांव और बड़ी मां के बीच विवाद हो गया था. आरोप है कि विवाद के दौरान सुरेंद्र उरांव ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और गुस्से में रसोई घर जाकर गैस का पाइप खोल दिया, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई. शोर सुनकर तिवारी उरांव बीच-बचाव करने पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया. इसी दौरान सुरेंद्र उरांव ने टांगी उठाकर उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिया. गंभीर रूप से घायल तिवारी उरांव मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े. परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया गया.

सदर अस्पताल गुमला में चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए तिवारी उरांव को रिम्स रांची रेफर किया, लेकिन रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद से आरोपी सुरेंद्र उरांव फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.