गुमला (GUMLA) : सफर के दौरान अनजान लोगों पर भरोसा करना कितना भारी पड़ सकता है, इसका एक उदाहरण सामने आया है. रक्षा मंत्रालय से सेवानिवृत्त कर्मचारी सुनील बाखला साइबर और नशीली ठगी का शिकार हो गए, जिसमें उनके बैंक खातों से कुल 77 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई.
गुमला निवासी सुनील बाखला किसी निजी कार्य से रांची गए थे. काम पूरा करने के बाद वे खादगढ़ा बस स्टैंड से ऑटो लेकर आईटीआई बस स्टैंड पहुंचे. वहीं उनकी मुलाकात एक अज्ञात व्यक्ति से हुई, जिसने बातचीत के दौरान खुद को भी गुमला जिले के करमटोली का निवासी बताकर उनका भरोसा जीत लिया.
आरोपी ने बातचीत के दौरान सुनील को कोल्ड ड्रिंक पीने का ऑफर दिया. वह बाजार से ‘स्लाइस’ की दो बोतलें लेकर आया, जिसमें से एक उसने खुद पी और दूसरी पीड़ित को दी. आरोप है कि दी गई कोल्ड ड्रिंक में पहले से नशीला पदार्थ मिलाया गया था. इसे पीते ही सुनील बाखला अर्धबेहोशी की स्थिति में आ गए.
इसी हालत में किसी तरह वे बस पकड़कर अपने घर गुमला लौट गए. अगले दिन होश आने पर उन्होंने पाया कि उनका पर्स गायब है, जिसमें बैंक ऑफ इंडिया (BOI) और स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एटीएम कार्ड समेत अन्य जरूरी दस्तावेज थे. कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर लगातार पैसे कटने के मैसेज आने लगे. बैंक पहुंचकर जब उन्होंने स्टेटमेंट निकाला तो पता चला कि दोनों खातों से कुल 77 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं.
घटना से परेशान पीड़ित ने गुमला सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई है. हालांकि, घटना रांची क्षेत्र की है, इसलिए उन्हें संबंधित थाना में आवेदन देने की सलाह दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और एटीएम तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पीड़ित ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई, आरोपी की गिरफ्तारी और उनकी रकम वापस दिलाने की मांग की है.


