गुमला शहरी क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति, उपायुक्त ने विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का किया निरीक्षण

विकास योजनाओं को गति देने, शहरी सुविधाओं का विस्तार करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने गुमला शहरी क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया.

गुमला शहरी क्षेत्र के विकास को मिलेगी नई गति, उपायुक्त ने विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं का किया निरीक्षण

गुमला (GUMLA): जिले में विकास योजनाओं को गति देने, शहरी सुविधाओं का विस्तार करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने गुमला शहरी क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया. इस दौरान उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता एवं सहायक अभियंता तथा संवेदक उपस्थित रहे.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सर्वप्रथम पर्यटन भवन के पीछे निर्माणाधीन स्ट्रीट वेंडर्स न्यू मार्केट का जायजा लिया तथा कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली. परियोजना पूर्ण होने के बाद शहर के स्ट्रीट वेंडर्स  को यहां व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई. इस परिसर में वर्तमान में 65 छोटी दुकानों का निर्माण किया गया है, जहां सब्जी एवं फल एवं अन्य  विक्रेता अपना व्यवसाय संचालित कर सकेंगे.

उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने बाजार परिसर में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. इस दौरान शहर के सुनियोजित विस्तार एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी चर्चा हुई. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि शहर में पार्किंग की समस्या के समाधान तथा मुख्य मार्गों पर भीड़ कम करने के लिए सब्जी बाजार को व्यवस्थित स्थान पर स्थानांतरित करना आवश्यक है. इससे यातायात का दबाव कम करने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम करने में मदद मिलेगी. नगर परिषद क्षेत्र को व्यवस्थित एवं विस्तारित स्वरूप देने के लिए विभिन्न योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है.

इसके बाद उपायुक्त ने पर्यटन भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने भवन के रखरखाव, उपलब्ध सुविधाओं तथा संचालन व्यवस्था की जानकारी ली. संबंधित कर्मियों द्वारा बताया गया कि यहां कमरे 900 रुपये प्रतिदिन की दर से उपलब्ध हैं, जबकि पूरे भवन की बुकिंग लगभग 60 हजार रुपये में की जा सकती है उपायुक्त ने दिसंबर तक निर्माण कार्य पूर्ण करने तथा अगले वर्ष तक कोल्ड स्टोरेज को क्रियाशील बनाने के लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने समाहरणालय भवन के पीछे चांदाली में निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम का भी जायजा लिया. उन्होंने स्टेडियम के निर्माण संबंधी विस्तृत योजना को देखा तथा जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की गुणवत्ता की जांच की. निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को जिले की सभी महत्वपूर्ण निर्माणाधीन विकास योजनाओं की नियमित निगरानी करने, कार्यों में अनावश्यक विलंब से बचने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह