BREAKING: शिक्षा विभाग में ACB का बड़ा एक्शन, जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में छापा, दो कर्मी हिरासत में

BREAKING: शिक्षा विभाग में ACB का बड़ा एक्शन, जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में छापा, दो कर्मी हिरासत में

गुमला (GUMLA): झारखंड के गुमला जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोरी के आरोप में बड़ा बाबू समेत दो कर्मियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. इस कार्रवाई के बाद पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, एक शिक्षक के एरियर भुगतान के एवज में आरोपियों द्वारा रिश्वत की मांग की गई थी. लगातार हो रही मांग से परेशान शिक्षक ने पूरे मामले की लिखित शिकायत एसीबी से की. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया और आरोप सही पाए जाने पर मंगलवार को विशेष टीम ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को कथित तौर पर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

Image

कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में छापेमारी भी की. अधिकारियों ने कार्यालय से कई दस्तावेजों की जांच की और मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य भी जुटाए. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है. एसीबी के वरिष्ठ अधिकारी बंद कमरे में कार्रवाई को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. हालांकि, अब तक एजेंसी की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है.

बताते चलें कि यह पहली बार नहीं है जब गुमला के शिक्षा विभाग पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं. कुछ महीने पहले भी जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) को उनके एक सहयोगी के साथ रिश्वत लेने के मामले में एसीबी ने गिरफ्तार किया था. लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

वहीं, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस पूरे मामले पर फिलहाल कुछ भी बोलने से बच रहे हैं. एसीबी का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा. फिलहाल रिश्वतखोरी के इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

रिपोर्ट : सुशील सिंह