अजब गजब! कट्टा दिखाकर पहले QR कोड से ट्रांसफर कराए पैसे, फिर गरीबी देख अपराधियों का पसीज गया दिल, जानिए आगे क्या किया

गुमला के नंदिनी डैम में हथियार के बल पर ऑनलाइन लूटपाट का अनोखा मामला सामने आया, जहां गरीबी की दुहाई देने पर बदमाशों ने अधिकांश पैसे वापस कर दिए.

अजब गजब! कट्टा दिखाकर पहले QR कोड से ट्रांसफर कराए पैसे, फिर गरीबी देख अपराधियों का पसीज गया दिल, जानिए आगे क्या किया

गुमला (GUMLA): जिले के भंडरा थाना क्षेत्र के नंदिनी डैम के पास एक अनोखी और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. हथियार के बल पर ऑनलाइन लूटपाट करने पहुंचे बदमाशों ने पीड़ित की गरीबी की दास्तां सुनकर न सिर्फ उसका दिल पसीज, बल्कि लूटे गए पैसों में से अधिकांश राशि वापस भी कर दी. इस मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक मारुति कार और तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है.

भंडरा थाना क्षेत्र के भीठा गांव के रहने वाले लालदेव उरांव का बेटा सुमित उरांव अपनी मोटरसाइकिल धोने नंदिनी डैम गया था. वहां पहले से मौजूद पांच अज्ञात युवकों ने उसे अकेला पाकर घेर लिया और देसी कट्टा सटाकर नकदी की मांग करने लगे. जब सुमित ने नकद पैसे न होने की बात कही, तो शातिर बदमाशों ने अपना QR कोड निकालकर उससे ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करने को कहा. जान के डर से सहमे सुमित ने तुरंत अपने पिता को फोन किया और आरोपियों के बताए गए QR कोड पर 3500 रुपये ऑनलाइन भेज दिए.

गरीबी का हवाला दिया तो पिघल गए बदमाश पैसे ट्रांसफर होने के बाद भी बदमाश वहीं रुके रहे. इस दौरान डरे-सहमे सुमित ने अपनी और अपने परिवार की आर्थिक तंगी का रोना रोते हुए हाथ जोड़े और पैसे वापस करने की गुहार लगाई. युवक की दयनीय स्थिति देखकर अपराधियों का दिल पसीज गया और उन्होंने तुरंत सुमित के दोस्त के फोन-पे नंबर पर 2500 रुपये ऑनलाइन वापस लौटा दिए. इसके बाद वे वहां से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद सुमित ने थाने पहुंचकर पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई. शिकायत मिलते ही हरकत में आई भंडरा पुलिस ने नाकेबंदी कर एक मारुति 800 कार को जब्त किया और उसमें सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अब बाकी के दो आरोपियों की तलाश में जुटी है.