बड़ी खबर: भीषण सड़क हादसे में ट्रक-कार की जोरदार टक्कर के बाद लगी आग, चालक की जिंदा जलकर मौत
गुमला के पालकोट रोड पर ट्रक और कार की टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई. हादसे में ट्रक चालक की जलकर मौत हो गई.
गुमला के पालकोट रोड पर ट्रक और कार की टक्कर के बाद ट्रक में आग लग गई. हादसे में ट्रक चालक की जलकर मौत हो गई.
गुमला (GUMLA): झारखंड के गुमला जिले में देर रात कार्तिक उरांव कॉलेज पालकोट रोड के समीप करीब 2:30 बजे ट्रक और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर के बाद अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराया. इसके तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रक चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और उसकी जलकर मौत हो गई.
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, ट्रक और कार की टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया. टक्कर के कुछ ही देर बाद ट्रक में आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक ट्रक और उसके चालक की आग में जलकर मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है. दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. साथ ही कार में सवार लोगों की स्थिति के संबंध में भी विस्तृत जानकारी प्राप्त की जा रही है. हादसे के बाद पालकोट रोड पर देर रात तक घटनास्थल पर पुलिस की कार्रवाई जारी रही.
रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह