निशा भगत के परिजनों से मिले बाबूलाल मरांडी, मामले की CBI जांच की मांग

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी गुमला दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. गौरतलब है कि निशा भगत ने रांची स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी. उनकी मौत के बाद से ही पूरे राज्य में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

निशा भगत के परिजनों से मिले बाबूलाल मरांडी, मामले की CBI जांच की मांग

गुमला (GUMLA): झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी गुमला दौरे पर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने दिवंगत आदिवासी नेत्री निशा भगत के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी. गौरतलब है कि निशा भगत ने रांची स्थित अपने आवास पर आत्महत्या कर ली थी. उनकी मौत के बाद से ही पूरे राज्य में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल

परिजनों से मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि निशा भगत लगातार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रही थीं. वह धर्मांतरण और जमीन दलालों को संरक्षण देने जैसे मुद्दों को लेकर आवाज उठाती थीं. मरांडी के अनुसार, निशा भगत इन मामलों को लेकर काफी आक्रोशित थीं और लगातार सरकार के सामने अपनी बातें रख रही थीं. उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों को निशा भगत उठा रही थीं, उन पर सरकार के अधिकारियों को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.

CBI जांच की मांग, परिजनों को दिया भरोसा

बाबूलाल मरांडी ने निशा भगत की मौत के पूरे मामले की CBI जांच कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि जांच होने से घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा. साथ ही उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि दुख की इस घड़ी में पूरा भाजपा संगठन उनके साथ खड़ा है. निशा भगत को न्याय दिलाने के लिए पार्टी की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा.

राज्य ने अपनी बेटी को खोया: मरांडी

मीडिया से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राज्य ने अपनी ऐसी बेटी को खो दिया है, जो सरकार की कार्यशैली और कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार आवाज उठा रही थी. उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य की व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए हैं.

रिपोर्ट- सुशील कुमार सिंह