Govt. Scheme: झारखंड के छात्रों के लिए हेमंत सरकार कितने प्रकार की छात्रवृत्ति देती है? जानिए पूरी डिटेल्स
झारखंड के छात्रों के लिए हेमंत सरकार कई प्रमुख छात्रवृत्ति और कल्याणकारी योजनाएं चलाती है, जिनकी संख्या अलग अलग श्रेणियों में होती है जैसे प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक, विशेष वर्ग और उच्च शिक्षा के आधार पर कई प्रकार की है. प्रमुख छात्रवृति योजनाएँ क्या है जिसे पाकर छात्र- छात्राएँ बेहतर भविष्य के लिए बड़े बड़े सपने आसानी से देख सकते है.
टीनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड को आज 25 साल से ज्यादा हो गए है और इन 25 सालों में राज्य ने अलग अलग क्षेत्रों में अपने अपने स्तर में तरक्की की है. वो पर्यटन के क्षेत्र में हो, शिक्षा का क्षेत्र हो, या फिर विकास का क्षेत्र हो, हर क्षेत्र में राज्य ने तरक्की देखी है. झारखंड के विकास के पीछे सरकार का अहम योगदान है. इसके लिए झारखंड सरकार ऐसी ऐसी योजना लाती है जिससे लोगों को लाभ मिले और अंततः झारखंड का विकास हो.
कहते है अगर एक बच्चे को शिक्षित किया जाए तो पूरा देश शिक्षित होता है. ऐसे में झारखंड के छात्रों के लिए हेमंत सरकार कई प्रमुख छात्रवृत्ति और कल्याणकारी योजनाएं चलाती है, जिनकी संख्या अलग अलग श्रेणियों में होती है जैसे प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक, विशेष वर्ग और उच्च शिक्षा के आधार पर कई प्रकार की है. ऐसे में आईए जानते है की प्रमुख छात्रवृति योजनाएँ क्या है जिसे पाकर छात्र- छात्राएँ बेहतर भविष्य के लिए बड़े बड़े सपने आसानी से देख सकते है.

प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाएं
ई-कल्याण योजना, झारखंड
झारखंड e-Kalyan Scholarship राज्य सरकार की एक डिजिटल छात्रवृत्ति योजना है. इसे अनुसूचित जनजाति (ST), अनुसूचित जाति (SC), अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग(BC) कल्याण विभाग चलाता है. इस योजना का मकसद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद देना है. इसके जरिए योग्य छात्रों को स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षा की पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलती है. छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है. छात्र घर बैठे e-Kalyan पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इस योजना से छात्रों को फीस और पढ़ाई से जुड़े खर्चों में मदद मिलती है, जिससे वे बिना आर्थिक परेशानी के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.
मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति योजना (CMMSS)
झारखण्ड मुख्यमंत्री मेधा छात्रवृत्ति योजना (Jharkhand Chief Minister Merit Scholarship Scheme –(CMMSS) झारखण्ड सरकार द्वारा संचालित एक मेधा आधारित छात्रवृत्ति योजना है, जिसका उद्देश्य राज्य के पात्र और मेधावी विद्यार्थियों को उनकी स्कूली शिक्षा के दौरान आर्थिक सहायता प्रदान करना है. इस योजना का संचालन झारखण्ड स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के माध्यमिक शिक्षा निर्देशालय द्वारा किया जा रहा है. CMMSS के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से कक्षा 12 तक छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है, जिससे उन्हें अपनी आगे की पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहायता मिल सके. योजना में विद्यार्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक योग्यता और निर्धारित प्रतियोगिता परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर किया जाता है. इस चयन परीक्षा का आयोजन झारखण्ड अकादेमी कौंसिल (JAC), रांची द्वारा किया जाता है.
मानकी मुंडा स्कॉलरशिप योजना
विशेष रूप से छात्राओं की उच्च तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यह योजना बनाई गई है. मंकी मुंडा छात्रवृत्ति योजना झारखंड सरकार की एक पहल है जिसका उद्देश्य राज्य में तकनीकी और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही छात्राओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है. यह योजना पूर्णकालिक नियमित डिप्लोमा और स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकित पात्र छात्राओं को सहायता प्रदान करती है और इसका लक्ष्य उच्च और तकनीकी शिक्षा में महिलाओं की अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित करना है.

वाल्मीकि अम्ब्रेला छात्रवृत्ति योजना
झारखंड सरकार के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा "वाल्मीकि छत्रपति योजना" का उद्देश्य अनाथ और विकलांग छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए वित्तीय सहायता और प्रोत्साहन प्रदान करना है. इस योजना के तहत, छात्रों को सालाना ₹ 10,00,000 तक का पूर्ण शिक्षण शुल्क प्रतिपूर्ति और दैनिक जरूरतों और अध्ययन सामग्री के लिए ₹4,000/- का मासिक निर्वाह भत्ता प्राप्त होता है.
मुख्यमंत्री फेलोशिप स्कीम
मुख्यमंत्री फेलोशिप योजना झारखंड सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य राज्य के मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा और रिसर्च के लिए प्रोत्साहित करना है. इसके तहत विश्वविद्यालय, कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को शोध कार्य, रिसर्च पेपर प्रस्तुत करने और शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेने के लिए आर्थिक मदद दी जाती है. इसके अलावा, योग्य छात्रों को विदेशी विश्वविद्यालयों में उच्च शिक्षा के लिए भी सहायता मिलती है. इस योजना का मकसद छात्रों को बेहतर अवसर देकर शिक्षा, रिसर्च और करियर के क्षेत्र में आगे बढ़ाना है.

मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा विदेशी छात्रवृत्ति योजना
मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा विदेशी छात्रवृत्ति झारखंड सरकार की योजना है. इसका उद्देश्य राज्य के छात्रों को विदेश में उच्च शिक्षा का अवसर देना है. इसके तहत झारखंड के अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक और अन्य पिछड़ा वर्ग के छात्रों को ब्रिटेन के विश्वविद्यालयों में स्नातकोत्तर और एमफिल की पढ़ाई का अवसर मिलता है. झारखंड सरकार ने ब्रिटेन सरकार के विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय के साथ मिलकर चेवनिंग मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा छात्रवृत्ति शुरू की है. इसके तहत अधिकतम 5 छात्रों को ब्रिटेन में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिग्री करने का मौका मिलता है. योजना का उद्देश्य छात्रों को बेहतर ज्ञान और कौशल देकर उनके भविष्य को मजबूत बनाना है.