गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 10 ग्राम नशीला पदार्थ और नकदी के साथ युवक गिरफ्तार

गोड्डा के गोडी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर, 30 पुड़िया, ₹1.28 लाख नकद और पैकिंग सामग्री बरामद की. मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है.

गोड्डा में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, 10 ग्राम नशीला पदार्थ और नकदी के साथ युवक गिरफ्तार

टिएनपी डेस्क(TNP DESK): गोड्डा में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर नगर थाना क्षेत्र के गोडी गांव में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 19 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है. तलाशी के दौरान उसके पास से ब्राउन शुगर, नकदी और नशीले पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद होने का दावा किया गया है.पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 1 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक गोड्डा के निर्देश पर की गई.  एसडीपीओ आकाश माखीजा के नेतृत्व में गठित टीम ने गोडी गांव निवासी बिरेन्द्र कुमार उर्फ बिरू के घर पर कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए तलाशी ली.

घर की तलाशी में क्या-क्या मिला

छापेमारी के दौरान करीब 10 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई. इसके अलावा एल्युमिनियम फॉयल में तैयार 30 पुड़िया, 1 लाख 28 हजार 688 रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक माप-तौल मशीन और एल्युमिनियम फॉयल का एक रोल भी मिला. पुलिस का कहना है कि बरामद सामान से प्रथम दृष्टया नशीले पदार्थ की पैकिंग और बिक्री से जुड़े होने की बात सामने आई है. गिरफ्तार युवक के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को रोकने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. गोड्डा पुलिस ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है. पुलिस का कहना है कि अगर किसी इलाके में नशीले पदार्थों की बिक्री या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी जाए. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.

इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब बरामद सामान और गिरफ्तार युवक से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से होती थी और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है.

रिपोर्ट- अजीत कुमार