गोड्डा में वज्रपात का कहर,बाजार में गिरी आकाशीय बिजली,दो की मौत,पाँच गंभीर    

गोड्डा में वज्रपात का कहर,बाजार में गिरी आकाशीय बिजली,दो की मौत,पाँच गंभीर

गोड्डा(GODDA):जिले में अचानक बदले मौसम में वज्रपात से दो लोगों की जान चली गई. जबकि पाँच गंभीर रुप से घायल है. घटना पथरगामा थाना क्षेत्र के बरमसिया हाट की है. जब अचानक वज्रपात ने दो लोगों की जिंदगी खत्म कर दी. सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया. वहीं तीन घायलों को सदर अस्पताल रेफ़र किया है. जबकि दो का ईलाज स्थानीय अस्पताल में किया जा रहा है.       

स्थानीय लोगों के मुताबिक मंगलवार की शाम अचानक बदल गया. और हाट में खरीददारी और दैनिक कार्यों में जुटे लोगों पर आकाशीय बिजली गिर गई. जिसमें दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद पूरे हाट परिसर में अफरा-तफरी और चीख पुकार मच गई.  आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी. सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया.  

मृतकों की पहचान काला डुमरिया गांव निवासी जमशेद अंसारी (52 वर्ष), पिता फकरुद्दीन अंसारी और बड़ा केंदुआ निवासी धर्मेंद्र मरांडी के रूप में हुई है.  दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके गांवों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. बताया जाता है कि जमशेद अंसारी अपने पीछे छह बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें दो पुत्रियां अभी अविवाहित हैं. परिवार के सामने अब आर्थिक और सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है.

 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार अचानक मौसम ने करवट ली.  तेज हवा और बादलों की गर्जना के बीच लोग सुरक्षित स्थान की तलाश कर ही रहे थे कि अचानक जोरदार वज्रपात हुआ. बिजली गिरते ही कई लोग इसकी चपेट में आ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ लोग जमीन पर गिर पड़े, जबकि अन्य लोग भयभीत होकर इधर-उधर भागने लगे.  स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और एंबुलेंस की व्यवस्था कर अस्पताल भेजा.

घायलों में तुलसीकित्ता निवासी दीपक कुमार भगत (45 वर्ष), बाड़ेडीह निवासी मलकु रमानी (60 वर्ष), केंदुआ निवासी रंजन रमानी (45 वर्ष), ऊपरबंधा निवासी बहादुर रमानी (60 वर्ष) तथा बारकोप निवासी चंद्रदीप महलदार (18 वर्ष) शामिल हैं.  सभी को प्राथमिक उपचार के लिए पथरगामा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया.  घायलों में तीन की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

रिपोर्ट:अजित कुमार गोड्डा