गोड्डा ज्वेलरी डकैती कांड: पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, हथियार और नकदी बरामद

गोड्डा ज्वेलरी डकैती कांड: पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा, हथियार और नकदी बरामद

गोड्डा (GODDA): गोड्डा पुलिस ने शहर के मुख्य बाजार स्थित बंगाल ज्वेलर्स में हुई चर्चित डकैती कांड के खुलासे का दावा किया है. सोमवार को पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य अपराधियों की तलाश जारी है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवघर जिले के निवासी अजित यादव और राजेश यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, डकैती में कई लोग शामिल थे और पूरे गिरोह की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. दरअसल, 8 जुलाई की शाम तीन नकाबपोश अपराधियों ने हथियार के बल पर बंगाल ज्वेलर्स में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. इस दौरान करीब 320 ग्राम सोने के आभूषण और लगभग छह लाख रुपये नकद लूट लिए गए थे. शहर के बीचोंबीच हुई इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत फैल गई थी.

घटना के विरोध में अगले दिन शहर के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी की मांग की थी. 10 जुलाई को चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक और उपायुक्त से मुलाकात कर मामले का शीघ्र खुलासा करने की मांग की थी. उस दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापारियों से तीन दिनों का समय मांगा था और भरोसा दिलाया था कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा. सोमवार को निर्धारित समय सीमा के अंतिम दिन पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी साझा की.

इसके साथ ही एसपी मुकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने जैसा गलाया हुआ 39.85 ग्राम पीला धातु, 0.08 ग्राम का एक अन्य गलाया हुआ टुकड़ा, एक पिस्टल, एक मैगजीन, चार जिंदा गोलियां, एक बाइक और 41,500 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद धातु की जांच कराई जाएगी ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह लूटे गए आभूषणों का हिस्सा है या नहीं. मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.

रिपोर्ट- अजित कुमार