गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई! देसी कट्टा, 4 बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

गोड्डा में पुलिस ने शातिर आरोपी सोनू उर्फ मो. अरबाज को देसी कट्टा, चार चोरी की बाइक और एक बैटरी के साथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर चोरी और गृहभेदन के कई मामले दर्ज हैं.

गोड्डा पुलिस की बड़ी कार्रवाई! देसी कट्टा, 4 बाइक के साथ शातिर चोर गिरफ्तार

गोड्डा (GODDA): जिले के नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अपराध की कथित योजना बना रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उसके फसिया डंगाल स्थित घर से एक लोडेड देसी कट्टा, चोरी की चार बाइक और एक बैटरी बरामद की है. आरोपी की पहचान सोनू उर्फ मो. अरबाज उर्फ मोनू उर्फ वीरा के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नगर थाना समेत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में चोरी, गृहभेदन और बाइक चोरी के कई मामले दर्ज हैं और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी. शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने घर पहुंचा हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर उसके घर से उसे गिरफ्तार कर लिया.

मामले की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आकाश भारद्वाज ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी काफी शातिर था और कई मामलों में पुलिस को उसकी तलाश थी, लेकिन वह लगातार गिरफ्तारी से बच रहा था. गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे दबोच लिया. तलाशी के दौरान उसके घर से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ. इसके अलावा चार चोरी की बाइक भी मिली हैं, जिनमें होंडा एसपी, हीरो एचएफ डीलक्स, हीरो स्प्लेंडर और टीवीएस कंपनी की बाइक शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों के संबंध में भी जांच की जा रही है.

पुलिस ने आरोपी के घर से निमलीगढ़ पाइपलाइन कार्यालय से कथित तौर पर चोरी की गई एक बैटरी भी बरामद की है. एसडीपीओ के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में कई आपराधिक घटनाओं में शामिल होने की बात कही है. पुलिस अब उसके आपराधिक रिकॉर्ड और उसके द्वारा बताए गए मामलों की जानकारी का सत्यापन कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से बाइक चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के अनुसंधान में मदद मिलेगी. फिलहाल बरामद हथियार और चोरी के सामान को जब्त कर लिया गया है. आरोपी अरबाज को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.

रिपोर्ट- अजित कुमार