गोड्डा-महागामा रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

गोड्डा-महागामा-पीरपैंती नई रेल लाइन परियोजना का काम जमीन पर शुरू हो गया है. पहले चरण में गोड्डा से महागामा के बीच मिट्टी भराई और जमीन समतल करने का काम किया जा रहा है. करीब 62 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में नए रेलवे स्टेशन और रेल ओवरब्रिज भी प्रस्तावित हैं.

गोड्डा-महागामा रेल परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य

गोड्डा(GODDA): गोड्डा से महागामा होते हुए पीरपैंती तक बनने वाली नई रेल लाइन का काम अब जमीन पर दिखाई देने लगा है. जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया काफी हद तक पूरी होने के बाद पहले चरण में गोड्डा से महागामा के बीच अलग-अलग जगहों पर मिट्टी भरने और जमीन समतल करने का काम शुरू हो गया है. रेल ओवरब्रिज बनाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है. इस परियोजना का काम कोंकण रेलवे कॉरपोरेशन लिमिटेड को सौंपा गया है.

गोड्डा-महागामा-पीरपैंती रेल परियोजना करीब 62 किलोमीटर लंबी है. इसमें गोड्डा से महागामा के बीच करीब 27 किलोमीटर, महागामा से मेहरमा करीब 21 किलोमीटर और मेहरमा से पीरपैंती तक करीब 10 किलोमीटर का रेलखंड शामिल है. फिलहाल सबसे पहले गोड्डा से महागामा के बीच काम को आगे बढ़ाया जा रहा है.

गोड्डा से महागामा के बीच जमीन पर शुरू हुआ काम

परियोजना की शुरुआती DPR करीब 1384 करोड़ रुपये की थी, लेकिन बाद में इसकी लागत बढ़ी है. पहले चरण में गोड्डा से महागामा तक रेल लाइन तैयार करने के लिए सैकड़ों करोड़ रुपये के काम की प्रक्रिया शुरू की गई है.

जमीन अधिग्रहण का काम भी तेजी से आगे बढ़ा है. गोड्डा-महागामा रेलखंड के लिए अलग-अलग मौजा में जमीन ली गई है और जमीन मालिकों को मुआवजा भी दिया गया है. वहीं महागामा से पीरपैंती तक के हिस्से के लिए भी जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है.

दियारा, नेपुरा और पंचकाठी मौजा में रेल पटरी बिछाने के लिए जमीन समतल करने का काम शुरू हो चुका है. कई जगहों पर मिट्टी भराई भी की जा रही है. इससे अब स्थानीय लोगों को परियोजना का काम जमीन पर दिखाई देने लगा है.

नए रेलवे स्टेशन और ROB का भी होगा निर्माण

नई रेल लाइन के साथ कई नए रेलवे स्टेशन बनाने की भी योजना है. गोड्डा और महागामा के बीच नेपुरा, पथरगामा और महागामा में स्टेशन प्रस्तावित हैं. वहीं महागामा से पीरपैंती के बीच मेहरमा और मड़पा में स्टेशन बनाए जाने की योजना है. इसके अलावा चार जगहों पर रेल ओवरब्रिज यानी ROB का निर्माण भी प्रस्तावित है.

इस परियोजना के पूरा होने से गोड्डा, पथरगामा, महागामा, मेहरमा और आसपास के इलाकों को नई रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. पीरपैंती तक रेल लाइन जुड़ने से यात्रियों को बिहार की तरफ जाने के लिए भी नया रेल मार्ग मिल सकेगा.

गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे भी इस परियोजना को लेकर लगातार प्रयास करने की बात कहते रहे हैं. उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान 2029 तक इस रेल लाइन के तैयार होने को लेकर सार्वजनिक रूप से उम्मीद जताई थी.

फिलहाल परियोजना के पहले चरण का काम आगे बढ़ रहा है. अगर जमीन अधिग्रहण और निर्माण से जुड़े बाकी काम तय समय पर पूरे होते हैं, तो आने वाले वर्षों में गोड्डा से महागामा और आगे पीरपैंती तक सीधी रेल कनेक्टिविटी का रास्ता साफ हो सकता है.

 

रिपोर्ट - अजीत कुमार