11 हजार वोल्ट बिजली तार की चपेट में आए ससुर-बहू, मौके पर दोनों की दर्दनाक मौत
झारखंड के गोड्डा जिले में बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ससुर और बहू की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान सदर प्रखंड के पथरा अमरपुर गांव निवासी कन्हाई मंडल और उनकी बहू पुतुल देवी के रूप में हुई है. घटना गुरुवार दोपहर बाद की बताई जा रही है.
गोड्डा (GODDA): झारखंड के गोड्डा जिले में बिजली के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से ससुर और बहू की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान सदर प्रखंड के पथरा अमरपुर गांव निवासी कन्हाई मंडल और उनकी बहू पुतुल देवी के रूप में हुई है. घटना गुरुवार दोपहर बाद की बताई जा रही है.
मिली जानकारी के अनुसार, कन्हाई मंडल अपनी बहू पुतुल देवी के साथ गोड्डा कॉलेज के पास लगने वाले साप्ताहिक हाट में खरीदारी करने के लिए निकले थे. दोनों गांव से पगडंडी के रास्ते हाट की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में खेतों के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए. करंट लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, जिस रास्ते से ससुर और बहू गुजर रहे थे, वहां खेतों के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन गुजर रही थी. आशंका जताई जा रही है कि हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गिर गया था. इसी दौरान दोनों उसकी चपेट में आ गए और उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला. हालांकि, बिजली का तार किन परिस्थितियों में गिरा, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और बिजली विभाग को सूचित किया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई और हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की प्रतीक्षा है. स्थानीय स्तर पर बिजली के तार टूटकर गिरने की आशंका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं. ससुर और बहू की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. फिलहाल सभी की नजर पुलिस की जांच और बिजली विभाग की कार्रवाई पर टिकी है.
रिपोर्ट: अजित कुमार