गोड्डा से बड़ी खबर : विदा होकर ससुराल जाने से किया इनकार, पति ने हाट में पत्नी की गर्दन पर चाकू से किया हमला
गोड्डा के राजाभिट्ठा में साप्ताहिक हाट के दौरान ससुराल जाने से इनकार करने पर पति ने कथित तौर पर पत्नी रूबी देवी की गर्दन पर चाकू से हमला कर दिया. गंभीर हालत में महिला को गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के राजाभिट्ठा थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. आरोप है कि ससुराल जाने से इनकार करने पर एक पति ने साप्ताहिक हाट में सरेआम अपनी पत्नी की गर्दन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. घटना के बाद हाट में अफरा-तफरी मच गई. गंभीर रूप से घायल महिला की पहचान 26 वर्षीय रूबी देवी के रूप में हुई है. उसे प्राथमिक उपचार के बाद गोड्डा सदर अस्पताल रेफर किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, रूबी देवी की शादी करीब तीन से चार साल पहले हुई थी. उसकी दो बेटियां हैं. बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था. दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी. विवाद बढ़ने के बाद मामला न्यायालय तक पहुंच गया था.
बताया जाता है कि न्यायालय में सुनवाई के दौरान दोनों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया गया था. इसके बाद भी रूबी देवी ससुराल लौटने को तैयार नहीं हुई. वह पिछले डेढ़ साल से अपने मायके राजाभिट्ठा में माता-पिता के साथ रह रही थी.
साप्ताहिक हाट में हुआ हमला
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रूबी देवी अपने माता-पिता के साथ राजाभिट्ठा के साप्ताहिक हाट गई थी. इसी दौरान उसका पति भी वहां पहुंच गया. आरोप है कि उसने रूबी पर अपने साथ ससुराल चलने का दबाव बनाया. रूबी ने जब जाने से इनकार कर दिया, तो विवाद बढ़ गया.
आरोप के मुताबिक, गुस्से में आकर पति ने चाकू निकालकर रूबी की गर्दन पर वार कर दिया. हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ी. घटना के बाद हाट में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई. शोरगुल के बीच आरोपी पति मौके से फरार हो गया.
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल रूबी देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. बताया जा रहा है कि उसकी गर्दन पर गहरा जख्म है.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद राजाभिट्ठा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. परिजनों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है.इस घटना ने एक बार फिर घरेलू विवाद से जुड़ी हिंसा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
गोड्डा से अजीत सिंह की रिपोर्ट