गिरिडीह (GIRIDIH): गिरिडीह जिले के मधुबन थाना क्षेत्र स्थित दलानचकरी गांव के तिरिलटांड़ टोला में हुए चर्चित पति-पत्नी हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने मृतक दंपति के ही परिवार से जुड़े सात लोगों को गिरफ्तार किया है. जांच में सामने आया है कि जमीन विवाद और जादू-टोना के संदेह को लेकर इस दोहरे हत्याकांड की साजिश रची गई थी.
गौरतलब है कि 2 और 3 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात हमलावरों ने पतिया हांसदा और उनकी पत्नी परसनी देवी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई थी. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी और मधुबन थाना में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर डुमरी एसडीपीओ आबिद खान के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना तंत्र की मदद से जांच को आगे बढ़ाया. अनुसंधान के दौरान यह तथ्य सामने आया कि मृतक दंपति के गोतिया पक्ष के कुछ लोगों को उन पर जादू-टोना करने का संदेह था. साथ ही लंबे समय से जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था. इसी वजह से हत्या की साजिश रची गई.
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि रमेश हांसदा, पांडु हांसदा और विजय हांसदा ने धारदार हथियारों से दंपति पर हमला किया था, जबकि दोमा हांसदा, बब्लू हांसदा, मोती हांसदा और सिकरा हांसदा ने इस वारदात को अंजाम देने में सहयोग किया. पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है.
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक लोहे की तलवार, दो लोहे के छुरे, एक गुलाबी सूती गमछा और खून के धब्बों वाले कपड़े बरामद किए हैं. बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है. एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में गंभीर अपराध करने वालों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

