दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा श्राद्ध की तैयारियां पूरी, गिरिडीह में आज उमड़ेगा जनसैलाब
गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, 20-25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना.
गिरिडीह में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियां पूरी, 20-25 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना.
गिरिडीह (GIRIDIH): जिले में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए होने वाले द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उत्सव उपवन स्थित उनके आवासीय परिसर में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है. आयोजकों के अनुसार करीब 20 से 25 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है. कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लेने गांडेय विधायक कल्पना सोरेन बुधवार को ही गिरिडीह पहुंच गई थीं.
कार्यक्रम को लेकर उत्सव उपवन परिसर में चार बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं. इनमें एक साथ करीब 5 से 6 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा दो अलग-अलग स्थानों पर श्रद्धांजलि सभा के लिए भी व्यवस्था की गई है. परिसर के उस स्थान को भी विशेष रूप से सजाया गया है, जहां सुदिव्य कुमार सोनू आम लोगों से मुलाकात किया करते थे. यहां उनकी बड़ी तस्वीर लगाई गई है, जहां पहुंचकर लोग उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित कर सकेंगे.
बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए भोजन और पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है. भोजन की जिम्मेदारी धनबाद की एक कैटरिंग टीम को सौंपी गई है. वहीं, कार्यक्रम के मुख्य द्वार से लेकर आयोजन स्थल तक जगह-जगह पेयजल स्टॉल लगाए गए हैं. संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति की ओर से यातायात, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है.
द्वादशा श्राद्ध कार्यक्रम में राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के गिरिडीह पहुंचने की जानकारी है. इसके अलावा दोपहर तक कई मंत्री और विधायक भी कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. संभावित अतिथियों में दीपिका पांडेय सिंह, डॉ. इरफान अंसारी, हफीजुल हसन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, शिल्पी नेहा तिर्की, योगेंद्र प्रसाद, चमरा लिंडा और संजय प्रसाद यादव के नाम शामिल हैं.m वहीं, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है.
सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में गिरिडीह शहर के प्रमुख मार्गों पर बड़े-बड़े ‘अंतिम जोहार’ कटआउट लगाए गए हैं. डुमरी रोड, देवघर मार्ग, धनबाद मार्ग और जमुआ मार्ग पर लगे इन कटआउट के जरिए लोग दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दे रहे हैं. उत्सव उपवन परिसर में भी अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए आने वाले लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है. पूरे शहर में कार्यक्रम को लेकर भावनात्मक माहौल बना हुआ है.