गिरिडीह: धनवार में दर्दनाक हादसा! गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट, महिला और 5 साल की बच्ची की मौत

धनवार के मनगसो गांव में 5 किलो के गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट से महिला कविता देवी और 5 वर्षीय बच्ची शीतल कुमारी की मौत, गांव में मातम.

गिरिडीह: धनवार में दर्दनाक हादसा! गैस सिलेंडर में जोरदार विस्फोट, महिला और 5 साल की बच्ची की मौत

गिरिडीह (GIRIDIH): झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार प्रखंड में रविवार की रात एक दर्दनाक हादसे में दो लोगों की जान चली गई. जरीसिंगा पंचायत के मनगसो गांव में 5 किलो के छोटे गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया. इस घटना में एक महिला और पांच साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई. हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

मृतकों की पहचान वैद्यनाथ विश्वकर्मा की पत्नी कविता देवी (26) और उनके देवर गुड्डू राणा की पांच वर्षीय बेटी शीतल कुमारी के रूप में हुई है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रविवार रात सिलेंडर में हुए विस्फोट ने परिवार की खुशियां छीन लीं. हालांकि, विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे क्या वजह थी, इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.

घटना के प्रत्यक्षदर्शी और परिवार के सदस्य बिटेश राणा ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि उसकी आवाज पूरे गांव में गूंज उठी. विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घटनास्थल की ओर दौड़े. हादसे की सूचना मिलने के बाद परसन ओपी प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जानकारी जुटाई.

इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. एक ही परिवार से जुड़ी दो लोगों की मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं, परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है. फिलहाल, गैस सिलेंडर में विस्फोट के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. घटना ने छोटे गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल और उनकी सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.