JPSC-JSSC भर्ती घोटाले में CID का बड़ा एक्शन, गिरिडीह के मिठाई दुकान से ASO समीर हिरासत में

गिरिडीह के बेंगाबाद में JPSC-JSSC भर्ती घोटाले की जांच कर रही CID ने मिठाई दुकान से ASO समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया. पूछताछ के लिए उसे रांची ले जाया गया है.

JPSC-JSSC भर्ती घोटाले में CID का बड़ा एक्शन, गिरिडीह के मिठाई दुकान से ASO समीर हिरासत में

गिरिडीह: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती से जुड़े कथित घोटाले की जांच कर रही CID ने गुरुवार देर रात गिरिडीह जिले के बेंगाबाद में बड़ी कार्रवाई की. CID की टीम ने स्थानीय बेंगाबाद पुलिस के सहयोग से बेंगाबाद चौक स्थित एक मिठाई दुकान में छापेमारी की. इस दौरान टीम ने सहायक प्रशाखा पदाधिकारी (ASO) समीर उर्फ शालू को हिरासत में लिया. कार्रवाई के बाद जांच एजेंसी उसे पूछताछ के लिए रांची लेकर रवाना हो गई.

बताया जा रहा है कि समीर इन दिनों छुट्टी पर था और इसी दौरान रांची से अपने गृह क्षेत्र बेंगाबाद पहुंचा था. रक्षाबंधन के मौके पर वह अपने परिवार के साथ बेंगाबाद चौक स्थित अपनी मिठाई की दुकान पर मौजूद था. इसी दौरान CID की टीम वहां पहुंची. स्थानीय पुलिस को साथ लेकर अधिकारियों ने दुकान को घेर लिया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए समीर को अपने कब्जे में ले लिया. अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के इलाके में भी हलचल मच गई.

सूत्रों के मुताबिक, CID की टीम समीर को अपने साथ रांची ले गई है, जहां उससे भर्ती घोटाले से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर पूछताछ किए जाने की बात कही जा रही है. हालांकि, अब तक जांच एजेंसी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि समीर को किस विशेष आरोप के आधार पर हिरासत में लिया गया है या जांच में उसकी क्या भूमिका सामने आई है. इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी का इंतजार है.

CID की इस कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद बेंगाबाद चौक और आसपास के इलाकों में चर्चा तेज हो गई. स्थानीय लोगों के बीच भी समीर को हिरासत में लिए जाने को लेकर तरह-तरह की बातें होती रहीं. वहीं, JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर चल रही जांच के बीच इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

भर्ती घोटाले की जांच में CID पहले भी कई स्तरों पर कार्रवाई कर चुकी है. जांच एजेंसी दस्तावेजों, परीक्षा प्रक्रिया और उससे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है. ऐसे में समीर से होने वाली पूछताछ में जांच से जुड़े कुछ नए तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही उनकी भूमिका और हिरासत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.