गिरिडीह में घर लौट रहे मजदूर का गला रेता,जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह में घर लौट रहे मजदूर का गला रेता,जांच में जुटी पुलिस

गिरिडीह(GIRIDIH): जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिमरियाधौरा गांव में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां  मजदूर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में मो. मकसूद नामक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है. जानकारी के अनुसार, वह रोज की तरह मजदूरी कर अपने घर लौट रहा था. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया. बदमाशों ने पीछे से धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. गंभीर रूप से घायल मकसूद सड़क किनारे गिर पड़ा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया.

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे. घायल अवस्था में पड़े मो. मकसूद को तत्काल सदर अस्पताल, गिरिडीह ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया. डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और उसे विशेष निगरानी में रखा गया है. घटना के बाद गांव के लोगों में भय का माहौल है और लोग हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

मामले को लेकर मुफस्सिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. हालांकि पुलिस अपने स्तर से पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. थाना प्रभारी ने कहा कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल हमलावरों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.