कल्पना सोरेन की पहल सफल: गिरिडीह की कोरंगो नदी पर 3.28 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पुल

कल्पना सोरेन की पहल सफल: गिरिडीह की कोरंगो नदी पर 3.28 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा पुल

गिरिडीह(GIRIDIH): प्रखंड के रजपुरा परसाटांड़ से पिंडाटांड़ के बीच कोरंगो नदी पर प्रस्तावित पुल निर्माण को लेकर राहत वाली खबर सामने आई है जिसके तहत सरकार ने पुल निर्माण को औपचारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है. ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है. दरअसल, लंबे समय से इस पुल की मांग की जा रही थी, क्योंकि बरसात के दिनों में नदी पार करने में स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. पुल बनने से क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार जैसी आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी.

आपको बता दें, झामुमो के जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन के प्रयासों से पुल निर्माण प्रस्ताव में आई तकनीकी त्रुटियों का निराकरण किया गया. इसी के बाद सरकार ने परियोजना को दोबारा स्वीकृति दी है. उन्होंने कहा कि तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य पहले रुक गया था, लेकिन अब सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. प्रशासन जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराने की दिशा में कदम उठाएगा, जिससे वर्षों से लंबित यह महत्वपूर्ण परियोजना धरातल पर उतर सकेगी.

बता दें, पुल निर्माण की पुनः स्वीकृति मिलने से पिंडाटांड़ और आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है. झामुमो के जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन का आभार व्यक्त किया. वहीं, पंचायत अध्यक्ष लखन तुरी, सचिव राजेश कुमार, योगेश्वर प्रसाद वर्मा, बालगोविंद प्रसाद वर्मा, मुरलीधर यादव, मुकेश प्रसाद वर्मा और नारायण यादव सहित कई स्थानीय लोगों ने सरकार के फैसले का स्वागत किया. ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से आवागमन आसान होगा, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और पूरे क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी.