गिरिडीह कॉलेज में छात्र मोर्चा का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, जानिए क्या है पूरा मामला
गिरिडीह कॉलेज में छात्रों की पांच मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है. ABVP ने भी आंदोलन का समर्थन किया है.
गिरिडीह कॉलेज में छात्रों की पांच मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है. ABVP ने भी आंदोलन का समर्थन किया है.
गिरिडीह (GIRIDIH): गिरिडीह कॉलेज में पढ़ाई की व्यवस्था दुरुस्त करने और छात्रों की पांच मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है. वहीं, ABVP ने कॉलेज परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए आंदोलन कर छात्रों का समर्थन किया है. छात्रों के मुताबिक, उनकी मांगें कॉलेज में पढ़ाई व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए बेहद जरूरी हैं. इसी को लेकर छात्र आंदोलन की राह पर उतरे हैं.
ABVP की ओर से भी कॉलेज परिसर में छात्रों की मांगों को प्रबंधन तक पहुंचाने और उनके समर्थन में आंदोलन किया जा रहा है. छात्रों का कहना है कि मांगों को लेकर कॉलेज प्रबंधन से बातचीत की कोशिश की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस वार्ता नहीं हो पाई है. इससे नाराज छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है.
छात्रों की 5 प्रमुख मांगें
छात्र संगठन ने कॉलेज प्रबंधन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं. इनमें शैक्षणिक सत्र समय पर संचालित करने, प्रोफेसरों को शिक्षण कार्य पर ध्यान देने और प्रोफेसर सतीश यादव के स्थान पर वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करने की मांग शामिल है. इसके अलावा पूर्व प्राचार्य के कार्यकाल में हुई कथित वित्तीय अनियमितता की जांच और कॉलेज परिसर में सीसीटीवी लगाने की मांग भी की गई है.
वहीं, कथित वित्तीय अनियमितता की जांच और प्रोफेसर एमएन सिंह को हटाने की मांग को लेकर ABVP के दो छात्र नेता पहले से आंदोलन कर रहे हैं. आंदोलन के दौरान कुछ ABVP कार्यकर्ताओं की तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल ले जाया गया. ABVP छात्र मोर्चा ने कहा है कि मांगों पर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा. छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर इस तरह के आंदोलन पहले भी होते रहे हैं. अब देखना होगा कि कॉलेज प्रबंधन छात्रों की मांगों पर क्या कदम उठाता है और आंदोलन कब समाप्त होता है.