मुंबई में 2.65 करोड़ की चोरी का गिरिडीह कनेक्शन, झारखंड में छापेमारी कर सोने के गहने और थार जब्त

मुंबई में 2.65 करोड़ की चोरी का गिरिडीह कनेक्शन, झारखंड में छापेमारी कर सोने के गहने और थार जब्त

गिरीडीह(GIRIDIH): मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में उपसभापति संजय अहीर के घर हुई 2.65 करोड़ रुपये की चोरी मामले में झारखंड के गिरिडीह जिले का कनेक्शन सामने आया है. इस मामले की जांच करते हुए मुंबई पुलिस की टीम गिरिडीह के गावां थाना क्षेत्र पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, अन्य चोरी का सामान और चोरी की रकम से खरीदी गई एक महिंद्रा थार एसयूवी बरामद कर जब्त कर ली. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में काफी देर तक हलचल बनी रही.

मुंबई पुलिस के अनुसार पंडरिया निवासी अमित यादव (26) और सांख निवासी सतीश कुमार (26) मुंबई के वर्ली स्थित उपसभापति संजय अहीर के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे. आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे नकदी, सोने के आभूषण और अन्य कीमती सामान चुराए. घर से लगातार सामान गायब होने पर शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके बाद वर्ली थाना पुलिस ने जांच शुरू की. जांच में 2.65 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आने पर कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली.

आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर वर्ली थाना के पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर और सीआईडी टीम उन्हें लेकर गिरिडीह पहुंची. गावां थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर दोनों गांवों में छापेमारी की गई, जहां से करीब 4 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद हुआ. जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से एक महिंद्रा थार एसयूवी खरीदी गई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया. गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि सभी बरामद सामान और वाहन को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है. मामले की जांच अभी भी जारी है.