गिरिडीह (GIRIDIH): जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र से सनसनीखेज खबर सामने आई है जहां सलैया गांव में निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से एक दर्दनाक हादसा हो गया. इस हादसे में मलबे के नीचे दबकर मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निर्माण कार्य में लगा एक राजमिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों की पहचान सुनीता देवी और उनके पुत्र राजकुमार यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए. हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी और उनके पुत्र अपने निर्माणाधीन मकान का काम देखने पहुंचे थे. दोनों छज्जे के पास खड़े होकर राजमिस्त्री प्रदीप यादव को निर्माण कार्य से जुड़े निर्देश दे रहे थे. इसी दौरान जैसे ही प्रदीप यादव छज्जे पर चढ़कर काम शुरू करने लगा, अचानक पूरा छज्जा तेज आवाज के साथ भरभराकर नीचे गिर गया. भारी मलबा सीधे सुनीता देवी और राजकुमार यादव पर आ गिरा, जिससे दोनों उसकी चपेट में आ गए. वहीं, छज्जे के साथ नीचे गिरने से राजमिस्त्री भी गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक मां-बेटे की मौत हो चुकी थी. घायल प्रदीप यादव को तत्काल जमुआ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है.
घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. प्रारंभिक आशंका है कि निर्माणाधीन छज्जे में तकनीकी खामी, कमजोर निर्माण सामग्री या पर्याप्त मजबूती नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ. हालांकि वास्तविक वजह जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. इस दर्दनाक घटना के बाद सलैया गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

