गिरिडीह(GIRIDIH): जिले के गांडेय प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित विश्वासडीह जंगल में मंगलवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में अफरा तफरी मैच गई. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह लोगों ने जंगल में शव पड़े होने की सूचना देखी, जिसके बाद यह खबर तेजी से आसपास के गांवों में फैल गई. देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई. मामले की जानकारी मिलते ही गांडेय प्रखंड प्रमुख राजकुमार पाठक और थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी.
आपको बता दें, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी करते हुए उसकी पहचान कराने के प्रयास तेज कर दिए हैं. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और न ही यह स्पष्ट हो पाया है कि वह किस क्षेत्र का रहने वाला था. पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान कर रही है और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि मौत के कारणों का जल्द खुलासा किया जा सके.
इसके साथ ही जंगल में अज्ञात शव मिलने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं और आशंकाएं बनी हुई हैं. कई लोग इसे हत्या का मामला मान रहे हैं, जबकि कुछ अन्य लोग अलग-अलग संभावनाओं पर भी चर्चा कर रहे हैं. हालांकि पुलिस ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

