चार बच्चों का पिता दूसरी महिला को लाया घर, बेटे के गुस्से में मां को खंभे से बांधा, जानिए पूरा मामला

चार बच्चों का पिता दूसरी महिला को लाया घर, बेटे के गुस्से में मां को खंभे से बांधा, जानिए पूरा मामला

गिरिडीह (GIRIDIH): तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में एक पारिवारिक विवाद ने ऐसा मोड़ ले लिया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया. चार बच्चों के पिता द्वारा दूसरी महिला को घर लाने के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते सड़क पर हंगामे में बदल गया. नाराज परिजनों ने युवक के न मिलने पर उसकी मां को ही बिजली के खंभे से बांध दिया.

जानकारी के अनुसार, चंदौरी गांव निवासी पिंटू कुमार एक महिला को अपने घर लेकर पहुंचा. महिला के घर में आने के बाद परिवार के भीतर विवाद शुरू हो गया. मामले की जानकारी जब उसकी पहली पत्नी के मायके पक्ष को मिली तो वहां से कई महिलाएं और परिजन उसके घर पहुंच गए. परिजनों ने पिंटू की तलाश की, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला. इसके बाद गुस्साए लोगों ने उसकी मां मालती देवी को पकड़ लिया. मालती देवी स्वास्थ्य विभाग में सहिया के रूप में कार्यरत हैं. आरोप है कि उन्हें गांव की सड़क पर बिजली के खंभे से बांधकर पिंटू को बुलाने की मांग की गई.

घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए. गांव में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया. सूचना मिलने पर तिसरी थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. थाना प्रभारी शंभू नंद ईश्वर के नेतृत्व में पुलिस ने हस्तक्षेप कर मालती देवी को मुक्त कराया और स्थिति को शांत कराया. मालती देवी ने आरोप लगाया कि उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई है. हालांकि, दूसरी ओर पहली पत्नी के पक्ष की महिलाओं ने इन आरोपों को गलत बताया है.

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पिंटू कुमार और उसके साथ आई महिला को हिरासत में ले लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि पिंटू के साथ आई महिला पहले से विवाहित है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.