गिरिडीह से दिल्ली तक साइबर ठगी का कनेक्शन, 21.78 लाख के फ्रॉड में आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में 21.78 लाख की साइबर ठगी का गिरिडीह कनेक्शन. गपई से आरोपी सोनू वर्मा गिरफ्तार, कोलकाता तक पहुंची थी ठगी की रकम.
दिल्ली में 21.78 लाख की साइबर ठगी का गिरिडीह कनेक्शन. गपई से आरोपी सोनू वर्मा गिरफ्तार, कोलकाता तक पहुंची थी ठगी की रकम.
गिरिडीह: साइबर ठगी का जाल अब झारखंड से निकलकर दूसरे राज्यों तक फैलता दिख रहा है. पश्चिमी दिल्ली में 21.78 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने गिरिडीह से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस ने गिरिडीह पुलिस की मदद से मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गपई गांव में छापेमारी कर सोनू वर्मा को दबोचा. गिरफ्तारी के बाद उसे दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई. जांच में यह बात भी सामने आई है कि ठगी की रकम कोलकाता तक पहुंचाई गई थी. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे खेल में और कौन-कौन शामिल है.
21.78 लाख की ठगी में दिल्ली पुलिस को थी तलाश
जानकारी के मुताबिक, सोनू वर्मा पश्चिमी दिल्ली में 21.78 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में वांछित था. इस मामले में पश्चिमी दिल्ली साइबर थाना में कांड संख्या 522/2026 दर्ज है. आरोपी की तलाश में दिल्ली पुलिस ने गिरिडीह एसपी डॉ. बिमल कुमार से संपर्क कर मदद मांगी थी. इसके बाद एसपी ने साइबर इंस्पेक्टर रामेश्वर भगत के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई और आरोपी की तलाश शुरू की.
गांव में दबिश देकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
तकनीकी जानकारी के आधार पर गिरिडीह पुलिस की टीम रविवार देर शाम गपई गांव पहुंची और सोनू वर्मा के घर पर छापेमारी की. पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया.वहीं, संजीव कुमार के नेतृत्व में पश्चिमी दिल्ली साइबर पुलिस की टीम भी गिरिडीह पहुंची थी. जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया.
कोलकाता तक पहुंची ठगी की रकम, नेटवर्क की तलाश.
इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि साइबर ठगी से हासिल की गई रकम कोलकाता तक पहुंचाई गई थी. ऐसे में पुलिस को शक है कि इस खेल में दूसरे लोग भी शामिल हो सकते हैं.अब जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी के पैसे किसके खाते में भेजे गए, उन्हें आगे किसने ट्रांसफर किया और इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं. पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ इस साइबर ठगी से जुड़े कई और राज खुल सकते हैं.