गढ़वा के युवक की दिल्ली AIIMS में मौत, CM की सुरक्षा में थे तैनात
गढ़वा के भवनाथपुर निवासी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवान दीपक गुप्ता की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई. वे सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे.
गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले के भवनाथपुर से एक दुखद खबर सामने आई है. दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की सुरक्षा में तैनात बीएसएफ जवान दीपक गुप्ता की इलाज के दौरान मौत हो गई. छुट्टी पर अपने घर आए दीपक गुप्ता सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स ले जाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. जवान की मौत की खबर से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.
दो बाइकों की आमने-सामने हुई थी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, भवनाथपुर थाना क्षेत्र के कर्पूरी चौक निवासी बीएसएफ जवान दीपक गुप्ता छुट्टी लेकर अपने घर आए हुए थे. सोमवार को वे किसी काम से बाइक से निकले थे. इसी दौरान भवनाथपुर-श्रीबंशीधर नगर मुख्य मार्ग पर छहमाइलवा विद्युत सब स्टेशन के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसे में दीपक गुप्ता के साथ दूसरी बाइक पर सवार बुका गांव निवासी विकास राउत भी गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स ले जाया गया था जवान
दीपक गुप्ता की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें सीआरपीएफ की देखरेख में एयरलिफ्ट कर दिल्ली एम्स पहुंचाया गया था. वहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. गांव और आसपास के इलाके के लोग भी इस घटना से गमगीन हैं. हादसे के बाद पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी थी. वहीं, भाजपा विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने जवान दीपक गुप्ता के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार