गढ़वा में दिनदहाड़े दबंगों की दबंगई! बीच सड़क की युवक की पिटाई, CCTV फुटेज आया सामने

गढ़वा (GARHWA): गढ़वा जिले के सदर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक युवक के साथ कथित तौर पर बीच सड़क पर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. घटना चेतना गांव के पास की बताई जा रही है. पीड़ित युवक ने कुछ लोगों पर सुनियोजित तरीके से हमला करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद घायल युवक स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

पीड़ित रुपम चंद्रवंशी के अनुसार, वह अपने घर से किसी काम के लिए मोटरसाइकिल से निकला था. इसी दौरान चेतना गांव के पास पहले से मौजूद कुछ लोग दो मोटरसाइकिलों पर वहां पहुंचे और उसे रोक लिया. आरोप है कि इसके बाद सभी ने मिलकर उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की. हमला इतना अचानक हुआ कि वह कुछ समझ पाता, उससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना में युवक को चोटें आई हैं. पीड़ित का आरोप है कि शाहरुख नामक व्यक्ति ने अपने साथियों के जरिए उस पर हमला कराया, जबकि उसका उससे पहले कोई विवाद नहीं था.

मारपीट की घटना के बाद रुपम चंद्रवंशी ने स्थानीय विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी से मुलाकात कर पूरी जानकारी दी. इसके बाद विधायक उसे लेकर सीधे एसपी कार्यालय पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की. विधायक ने घटना को कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए राज्य सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं और आम लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार