गढ़वा में हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और जिंदा गोली भी बरामद
गढ़वा के चिनिया थाना क्षेत्र में मोबाइल सिम को लेकर हुए विवाद में हथियार के बल पर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के पास से देसी कट्टा और 8 एमएम की जिंदा गोली बरामद हुई.
गढ़वा (GARHWA): गढ़वा में हथियार के बल पर धमकी देने के मामले में चिनिया थाना पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से लोहे का बना एक देसी कट्टा और 8 एमएम की एक जिंदा गोली बरामद की है. गिरफ्तार युवकों की पहचान चिनिया थाना क्षेत्र निवासी एकबाल अंसारी और अफजल अंसारी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, पूरा मामला मोबाइल सिम को लेकर हुए विवाद से जुड़ा है. थाना प्रभारी विकु कुमार रजक ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 2 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे दोनों आरोपी चिनिया निवासी पप्पू शाह के किराए के मकान में पहुंचे थे. इस मकान में राजबांस गांव निवासी अवधेश यादव, पिता हिरामन यादव रह रहे थे.
आरोप है कि अफजल अंसारी अपने साथी एकबाल अंसारी के साथ वहां पहुंचा और देसी कट्टा दिखाकर अवधेश यादव को धमकाने लगा. दोनों ने कथित तौर पर मोबाइल सिम वापस नहीं करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. घटना की जानकारी पुलिस को मिलने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की गई.
गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर रंका अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रोहित रंजन सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की.
इसी क्रम में 3 सितंबर को पुलिस को दोनों युवकों के चिनिया थाना क्षेत्र में मौजूद होने की सूचना मिली. इसके बाद टीम ने कपिल साव की बाउंड्री वॉल के पीछे छापेमारी की और दोनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से देसी कट्टा और जिंदा गोली बरामद हुई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. मामले में हथियार के इस्तेमाल और धमकी देने के आरोपों की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार