गढ़वा (GARWAH): गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड से ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको झकझोर कर रख दिया है. क्षेत्र में कथित गलत इलाज और इंजेक्शन लगाने के बाद दो लोगों की मौत के मामले ने प्रशासन को हिला दिया है. दरअसल, एक नवविवाहिता पूनम और एक बच्ची ब्यूटी कुमारी की मौत के बाद लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों की मौत गलत इंजेक्शन लगाए जाने के कारण हुई. मामले की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा के उपायुक्त पी.एन. मिश्रा स्वयं जांच के लिए मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य व्यवस्था पर नाराजगी जताई. शिकायत मिलने के बाद उन्होंने तत्काल सिविल सर्जन को तलब किया और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली. घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.
जांच के दौरान उपायुक्त संबंधित दवा दुकान पर भी पहुंचे, जहां कथित रूप से इलाज और दवा वितरण का काम किया जा रहा था. उन्होंने दुकानदार से पूछताछ की और स्पष्ट निर्देश दिया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक दुकान बंद रखी जाएगी. उपायुक्त ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब तक मामले के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक किसी भी प्रकार की दवा बिक्री, चिकित्सकीय परामर्श या उपचार का कार्य नहीं किया जाएगा. उन्होंने ड्रग इंस्पेक्टर को मामले की जांच करने का निर्देश दिया और संबंधित थाना प्रभारी को आरोपी चिकित्सक एवं दुकान संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा. साथ ही प्राथमिकी के आधार पर त्वरित गिरफ्तारी की दिशा में कदम उठाने का आदेश भी दिया.
उपायुक्त पी.एन. मिश्रा ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और चिकित्सा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
रिपोर्ट - धर्मेद्र कुमार

