बकरी चोरी करने पहुंचे थे 3 युवक, ग्रामीणों ने जमकर कर दी कुटाई! वीडियो हुआ वायरल

गढ़वा के डंडई साप्ताहिक हाट बाजार में बकरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया. इस दौरान जमकर हंगामा और हाथापाई हुई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है.

गढ़वा(GARHWA): आपने अक्सर सुना होगा कि चोर घरों से पैसे, गहने और कीमती सामान चुराकर फरार हो जाते हैं. लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि कोई चोर बकरी चोरी कर उसे बेचने बाजार पहुंच जाए? अगर नहीं, तो आज आपको झारखंड के गढ़वा जिले का एक ऐसा ही मामला बताते हैं, जिसे सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. यहां बकरी चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने तीन युवकों को पकड़ लिया. इसके बाद बाजार में जमकर हंगामा हुआ और हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

बकरी की पहचान होते ही ग्रामीणों ने तीनों को पकड़ा

पूरा मामला गढ़वा जिले के डंडई साप्ताहिक हाट बाजार का है. जानकारी के अनुसार, तीन युवक कथित तौर पर चोरी की बकरी बेचने के लिए बाजार पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर बकरी पर पड़ी. उन्होंने बकरी को पहचान लिया और चोरी का संदेह जताते हुए तीनों युवकों को पकड़ लिया. देखते ही देखते बाजार में लोगों की भीड़ जुट गई. इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने की हाथापाई

बकरी चोरी के शक में पकड़े गए तीनों युवकों को लेकर ग्रामीणों में काफी नाराजगी थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ हाथापाई की और हल्की पिटाई भी कर दी. बाजार में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. इस पूरी घटना का किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, बकरी चोरी के आरोपों की अभी पुलिस जांच कर रही है.

पुलिस ने तीनों को लिया हिरासत में

बाद में ग्रामीणों ने तीनों संदिग्धों को डंडई पुलिस के हवाले कर दिया. इस संबंध में थाना प्रभारी अनिमेष शांतिकारी ने बताया कि दो से तीन लोगों को थाने लाया गया है. उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जांच के बाद ही बकरी चोरी से जुड़े मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.

रिपोर्ट- धर्मेद्र कुमार