जन्माष्टमी पर भक्तिमय हुआ श्रीबंशीधर नगर, बाबा बंशीधर मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
गढ़वा के विश्व प्रसिद्ध बाबा बंशीधर मंदिर में जन्माष्टमी को लेकर भव्य तैयारी की गई है.1280 किलो वजनी भगवान श्रीकृष्ण की स्वर्ण प्रतिमा के दर्शन के लिए झारखंड समेत आसपास के राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं.
गढ़वा (GARHWA): जन्माष्टमी के अवसर पर गढ़वा जिले के श्रीबंशीधर नगर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बंशीधर मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य बनाने के लिए मंदिर को आकर्षक फूलों और सजावटी सामग्री से सजाया गया है. सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया और भगवान श्रीकृष्ण एवं राधारानी के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी.
1280 किलो की स्वर्ण प्रतिमा है मंदिर की विशेष पहचान
बाबा बंशीधर मंदिर की सबसे बड़ी विशेषता यहां स्थापित भगवान श्रीकृष्ण की अद्भुत स्वर्ण प्रतिमा है. इस प्रतिमा का वजन करीब 32 मन यानी 1280 किलो बताया जाता है. भगवान श्रीकृष्ण के साथ राधारानी की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है. जन्माष्टमी के अवसर पर प्रतिमाओं और मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है.
पांच राज्यों के श्रद्धालुओं की जुड़ी है आस्था
झारखंड के अलावा उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और बिहार के श्रद्धालुओं की भी बाबा बंशीधर मंदिर के प्रति गहरी आस्था है. सीमावर्ती क्षेत्रों से हर साल बड़ी संख्या में भक्त जन्माष्टमी के अवसर पर यहां पहुंचते हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार जन्माष्टमी का इंतजार पूरे श्रीबंशीधर नगर को वर्ष भर रहता है और इस दिन पूरे इलाके का माहौल कृष्णमय हो जाता है.
सुबह से मंदिर पहुंचने लगे श्रद्धालु
जन्माष्टमी को लेकर सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी के दर्शन करते नजर आए. स्थानीय लोगों ने भी पूजा-अर्चना के साथ अपने दिन की शुरुआत की. श्रद्धालुओं का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का यह दिन उनके लिए बेहद खास है. जन्माष्टमी के कारण बाजार और मंदिर के आसपास के क्षेत्रों में भी उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है.
सुरक्षा के किए गए व्यापक इंतजाम
जन्माष्टमी पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है. मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती के साथ भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. मंदिर की भव्य सजावट, भक्तों की भीड़ और कृष्ण भक्ति में डूबे श्रद्धालुओं के कारण पूरा श्रीबंशीधर नगर आस्था के रंग में रंगा नजर आ रहा है.
रिपोर्ट – धर्मेन्द्र कुमार