GARHWA:झारखंड के गढ़वा जिले से शिक्षा के मंदिर को कलंकित करने वाली एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ केतार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ताली मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक पर एक छात्रा के साथ ब्लैकमेलिंग और छेड़खानी करने का बेहद गंभीर आरोप लगा है. इस घिनौनी करतूत के उजागर होने के बाद पुलिस ने आरोपी प्रधानाध्यापक के खिलाफ पोक्सो POCSO एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों ने मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है.
यह पूरी घटना तब प्रकाश में आई जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल होने लगा. इस वीडियो में आरोपी हेडमास्टर विद्यालय के ही एक बंद कमरे में छात्रा को ब्लैकमेल कर उसके साथ अश्लील और अमर्यादित हरकतें करता हुआ साफ नजर आ रहा है. हालांकि स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह वीडियो करीब एक सप्ताह पुराना बताया जा रहा है, जिसे अब जाकर इंटरनेट पर सार्वजनिक किया गया है. जैसे ही इस शर्मनाक घटना की जानकारी पीड़ित छात्रा के परिजनों को मिली, उन्होंने बिना वक्त गंवाए केतार थाने में आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई.
घटना की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है. स्थानीय एसडीपीओ ने इस मामले पर आधिकारिक बयान देते हुए कहा है कि परिजनों से प्राप्त आवेदन के आधार पर पोक्सो एक्ट के तहत उचित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर पहलू की बारीकी से तफ्तीश कर रही है. दूसरी तरफ, इस वारदात के बाद से शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है. विभाग के आला अधिकारियों ने खुद स्कूल पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि आरोपी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जा सके. गुरु और शिष्य के रिश्ते को तार-तार करने वाली इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.
रिपोर्ट:धर्मेन्द्र कुमार

