World Heart Day: गढ़वा में रन फॉर हार्ट मिनी मैराथन का आयोजन, बड़ी संख्या में लोग शामिल

विश्व हृदय दिवस पर गढ़वा में ‘रन फॉर हार्ट’ मिनी मैराथन का आयोजन हुआ. करीब छह किलोमीटर की दौड़ में अधिकारी, डॉक्टर, जनप्रतिनिधि, युवा और बुजुर्ग समेत हजारों लोगों ने हिस्सा लेकर स्वस्थ दिल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.

World Heart Day: गढ़वा में रन फॉर हार्ट मिनी मैराथन का आयोजन, बड़ी संख्या में लोग शामिल

गढ़वा(Garhwa): गढ़वा में वर्ल्ड हार्ट डे  के अवसर पर रन फॉर हार्ट मिनी मैराथन का आयोजन किया गया .इस अवसर पर कई डॉक्टर,पत्रकार,और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे. स्वस्थ दिल का संदेश देते हुए इस कार्यक्रम को आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय में आयोजित (रन फॉर हार्ट’ मिनी मैराथन) में प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर युवा और बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. आपको बता  दें करीब छह किलोमीटर की इस दौड़ में बड़ी संख्या में ज़ेन –जी और जेन-अल्फा प्रतिभागी के रूप में शामिल हुए.

इस कार्यक्रम को ले कर लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला. जिला समाहरणालय परिसर के आसपास सुबह से ही लोगों की भीड़ देखने को मिली. इस कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागी सफेद टी-शर्ट पहनकर पहुंचे, जिन पर लाल रंग से दिल का निशान बनाया गया . इस पूरे आयोजन में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला.

समाहरणालय से टंडवा तक दौड़े लोग

हृदय रोगों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित मिनी मैराथन को जिला समाहरणालय से रवाना किया गया.इस आयोजन में डीसी पीएन मिश्रा, एसपी, सीआरपीएफ कमांडेंट, पूर्व विधायक और नगर परिषद अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ की शुरुआत की. प्रतिभागियों ने करीब छह किलोमीटर की दूरी तय करते हुए टंडवा तक दौड़ लगाई.

टंडवा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों की टीम ने लोगों को हृदय रोग के कारणों, शुरुआती लक्षणों और इससे बचाव के तरीकों की जानकारी दी.  साथ ही डॉक्टरों ने नियमित व्यायाम, संतुलित जीवनशैली और समय पर स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया.

डीसी पीएन मिश्रा ने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के बीच लोग अक्सर अपने स्वास्थ्य, खासकर हृदय की सेहत को नजरअंदाज कर देते हैं. हृदय संबंधी बीमारियों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों में जागरूकता जरूरी है. उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय रहते जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की.

सीने में दर्द को नजरअंदाज न करने की सलाह

गढ़वा के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पंकज प्रभात ने कहा कि ‘रन फॉर हार्ट’ का उद्देश्य केवल दौड़ आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों को हृदय रोगों के प्रति जागरूक करना भी है.  उन्होंने विशेष रूप से सीने में दर्द जैसे लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी.  उनके मुताबिक, किसी भी तरह की परेशानी होने पर इलाज में देरी नहीं करनी चाहिए.

वहीं, आईएमए के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. निशांत सिंह ने आयोजन में लोगों की भागीदारी पर खुशी जताई.  उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का इस जागरूकता अभियान से जुड़ना इस बात का संकेत है कि समाज में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ रही है.

‘रन फॉर हार्ट’ के जरिए गढ़वा में लोगों ने यह संदेश दिया कि नियमित शारीरिक गतिविधि, जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली हृदय को स्वस्थ रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.