टीएनपी डेस्क(TNP DESK): गढ़वा में पेंशन नहीं मिलने के कारण इलाज के अभाव में हुई रतन लकड़ा की मौत के मामले में प्रशासनिक जांच पूरी हो गई है. जांच रिपोर्ट में बैंक प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर गठित जांच टीम ने अपनी रिपोर्ट गढ़वा उपायुक्त को सौंप दी है. रिपोर्ट के आधार पर संबंधित बैंक प्रबंधक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अनुशंसा की गई है.
इससे पहले झारखंड राज्य ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार और अधिकारी अभिषेक कुमार अखौरी ने बड़गड़ वनांचल ग्रामीण बैंक शाखा पहुंचकर विभागीय जांच की थी. अधिकारियों ने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली. परिजनों ने आरोप लगाया कि पेंशन निकालने के लिए बार-बार बैंक के चक्कर लगवाए गए और बैंक कर्मियों ने उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया.
मामले में बैंक ने शुरुआती कार्रवाई करते हुए मैसेंजर हेमंत कुमार उर्फ नंदलाल को तत्काल सेवा से हटा दिया है. वहीं शाखा प्रबंधक कृष्ण कुमार के खिलाफ विभागीय जांच जारी है. बैंक प्रबंधन का कहना है कि ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार किसी भी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया है. अब सभी की नजर दोषी अधिकारियों के खिलाफ होने वाली अंतिम विभागीय और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है.
