‘पट्टीदार देखी जरता'... भोजपुरी गाने पर महिला ने बनाई रील तो गोतनी ने कर दिया ऐसा हाल, वीडियो वायरल

गढ़वा में भोजपुरी गाने पर रील बनाने को लेकर दो गोतनियों के बीच हुआ खूनी संघर्ष, मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल.

गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में भोजपुरी गाने पर रील बनाने को लेकर दो गोतनी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया. घटना डंडा थाना क्षेत्र के निमिया टोला गांव की बताई जा रही है. मारपीट में रमाला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक, रमाला देवी, पत्नी रवि चौधरी, भोजपुरी गाने “पट्टीदार देखी जरता” पर रील बना रही थीं. इसी दौरान उनकी गोतनी ने रील को लेकर आपत्ति जताई. आरोप है कि रील में इस्तेमाल किए गए गाने के बोल के जरिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते विवाद और फिर मारपीट में बदल गई.

रमाला देवी के परिजनों का आरोप है कि उनकी गोतनी ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश भी की. घटना के बाद घायल महिला को इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है. वहीं, आरोपी गोतनी की ओर से कथित तौर पर कहा गया है कि रील में “पट्टीदार” शब्द का इस्तेमाल कर उन्हें ही निशाना बनाया जा रहा था. इसी को लेकर उन्होंने आपत्ति जताई थी. हालांकि, पूरे मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.

घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद सुलझाने और समझौते की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है. दूसरी ओर, पीड़ित पक्ष की ओर से डंडा थाने में शिकायत देने की तैयारी की जा रही है. फिलहाल पुलिस शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर सकती है. रील को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पारिवारिक विवाद और मारपीट के मामले में बदल गया है.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार