गढ़वा (GARHWA): जिले में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की सख्ती के बीच चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. बालू माफियाओं ने कार्रवाई से बचने के लिए ऐसा जुगाड़ अपनाया था, जिसने जांच अधिकारियों को भी हैरान कर दिया. सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में पता चला कि तीन अलग-अलग ट्रैक्टर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ सड़कों पर दौड़ रहे थे.
सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार के निर्देश पर की गई विस्तृत जांच में अवैध बालू ढुलाई में शामिल 13 ट्रैक्टरों की पहचान की गई है. जांच के दौरान कई ऐसे वाहन भी सामने आए, जिन पर कोई रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित नहीं था, जिससे उनकी पहचान तत्काल संभव नहीं हो सकी.
सबसे बड़ा खुलासा तब हुआ जब अधिकारियों ने पाया कि तीन अलग-अलग ट्रैक्टरों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर लिखा गया था. इससे स्पष्ट संकेत मिलता है कि अवैध परिवहन को छिपाने और प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए फर्जी नंबरों का इस्तेमाल किया जा रहा था.
प्रशासन ने इस मामले को गंभीर अनियमितता मानते हुए जिला खनन विभाग को संबंधित वाहनों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. साथ ही बिना नंबर और संदिग्ध रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.
अधिकारियों का कहना है कि अवैध बालू खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए निगरानी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि राजस्व की चोरी और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके.