हाल-ए-स्वास्थ्य व्यवस्था! गढ़वा में सड़क के अभाव में नहीं पहुंची एम्बुलेंस, खाट पर अस्पताल गई बीमार महिला
गढ़वा के भवनाथपुर प्रखंड के ढेकुलिया टोला में सड़क की खराब स्थिति के कारण एंबुलेंस एक बीमार महिला के घर तक नहीं पहुंच सकी. इसके बाद परिजनों को 64 वर्षीय महिला को खाट पर उठाकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक लाना पड़ा.
गढ़वा (GARHWA): जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो ग्रामीण इलाकों में सड़क और स्वास्थ्य सुविधाओं की परेशानी को दिखाती है. भवनाथपुर प्रखंड के मकरी पंचायत स्थित ढेकुलिया टोला में सड़क की खराब हालत के कारण एंबुलेंस बीमार महिला के घर तक नहीं पहुंच सकी. इसके बाद परिवार के लोगों को महिला को खाट के सहारे करीब एक किलोमीटर तक उठाकर मुख्य सड़क तक लाना पड़ा.
अचानक बिगड़ी 64 साल की महिला की तबीयत
ढेकुलिया टोला निवासी इकबाल मियां की 64 वर्षीय पत्नी धनपतिया बीबी की अचानक तबीयत खराब हो गई. परिवार के लोग उन्हें इलाज के लिए गढ़वा ले जाना चाहते थे. लेकिन टोला तक गाड़ी आने लायक सड़क नहीं होने के कारण उनके सामने बड़ी परेशानी खड़ी हो गई.
आखिरकार परिवार और आसपास के लोगों ने धनपतिया बीबी को खाट पर लिटाया और कंधे पर उठाकर करीब एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक लेकर पहुंचे. यहां वाहन मिलने के बाद महिला को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
करीब 600 लोगों की आबादी झेल रही परेशानी
ग्रामीणों के मुताबिक ढेकुलिया टोला में करीब 600 लोग रहते हैं. सड़क की खराब स्थिति के कारण लोगों को लंबे समय से परेशानी झेलनी पड़ रही है.
सबसे ज्यादा दिक्कत तब होती है जब कोई व्यक्ति अचानक बीमार पड़ जाता है. ग्रामीणों का कहना है कि बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है.
ग्रामीणों का दावा है कि सड़क बनवाने के लिए कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मांग की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ.
सिविल सर्जन ने क्या कहा?
गढ़वा के सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. कनेडी ने मामले पर कहा कि जहां तक जाने के लिए रास्ता उपलब्ध रहता है, वहां तक एंबुलेंस पहुंचती है. अगर किसी जगह तक एंबुलेंस जाने लायक रास्ता नहीं है तो वहां वाहन का पहुंचना संभव नहीं होता.
वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से ढेकुलिया टोला तक जल्द सड़क बनवाने की मांग की है, ताकि आगे किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाने के लिए इस तरह खाट का सहारा न लेना पड़े.
नोट: इस खबर को प्रकाशित करने का उद्देश्य संबंधित समस्या की ओर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है, ताकि मामले का संज्ञान लेकर जरूरी कदम उठाए जा सकें.