गढ़वा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, देशी कट्टा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

गढ़वा में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार, देशी कट्टा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

गढ़वा(GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है.जहां गढ़वा एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया. पुलिस ने पूर्ण निर्मित देशी कट्टा सहित हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए है. वहीं, हथियार निर्माण से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है.बताया गया कि गढ़वा एसपी आशुतोष शेखर को गुप्त सूचना मिली थी कि बरडीहा थाना क्षेत्र के लेवातांड के जंगल में चोरी-छिपे अवैध रूप से हथियार बनाने का कारखाना संचालित किया जा रहा है. सूचना के आधार पर एसपी ने गढ़वा एसडीपीओ दील्लू लोहरा एवं बरडीहा थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक टीम गठित कर छापेमारी कराई.

 दो गिरफ्तार

पुलिस ने पहले अवैध हथियार निर्माणकर्ता संजय विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया, जो पहले से आर्म्स एक्ट का आरोपी है.पूछताछ में उसकी निशानदेही पर चंदू उरांव को गिरफ्तार किया गया, जो निर्मित हथियारों की बिक्री करता था.इसके बाद पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर उस स्थान पर छापेमारी की, जहां अवैध रूप से हथियार बनाए जा रहे थे.मौके से दो देशी कट्टा सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली कुल 15 सामग्रियां बरामद की गईं.

 देशी कट्टा और हथियार बनाने के उपकरण बरामद

एसडीपीओ ने बताया कि बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट का एक आरोपी जेल से बाहर आने के बाद फिर से हथियार बनाने और बेचने का काम कर रहा है. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरडीहा थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर लेवातांड गांव में छापेमारी की गई. एक व्यक्ति को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर गांव के जंगल में संचालित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया गया, जहां से एक अवैध हथियार के अलावा हथियार बनाने के कई उपकरण बरामद किए गए. दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार