गढ़वा पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, BDSU के प्रथम दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को दी उपाधि
गढ़वा के बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार ने विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया.
गढ़वा (GARHWA): झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार एक दिवसीय दौरे पर गढ़वा पहुंचे, जहां उन्होंने फरठिया स्थित बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. विश्वविद्यालय परिसर पहुंचने पर गढ़वा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया. इसके बाद राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया. विश्वविद्यालय प्रबंधन ने पारंपरिक रीति-रिवाज से उनका स्वागत किया और ऑडिटोरियम तक लेकर गए. यहां राज्यपाल ने दीप प्रज्वलित कर विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह का विधिवत उद्घाटन किया.
दीक्षांत समारोह के दौरान राज्यपाल संतोष गंगवार ने दो लोगों को डॉक्टरेट की मानद उपाधि प्रदान की. इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों से उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को डिग्रियां प्रदान की गईं. विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में शामिल होकर उन्हें प्रसन्नता हो रही है. उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करने का अवसर नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय से निकलने के बाद उनके भविष्य की दिशा तय करने का भी महत्वपूर्ण पड़ाव है. उन्होंने डिग्री प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब उससे मिले ज्ञान का लाभ समाज को भी मिले.
राज्यपाल ने विद्यार्थियों से बदलते डिजिटल युग के अनुरूप लगातार नई चीजें सीखने और नए अवसरों की तलाश के लिए तैयार रहने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जहां भी जाएं, अपने काम और उपलब्धियों से विश्वविद्यालय का नाम रोशन करें. राज्यपाल ने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण होगी. विश्वविद्यालयों से शिक्षा प्राप्त कर निकलने वाले युवा अपने ज्ञान, कौशल और जिम्मेदारी के जरिए देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं.
रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार