गढ़वा: शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई की पीट-पीटकर की हत्या
गढ़वा के मंगरदह गांव में शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई की बांस के डंडे से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया.
गढ़वा के मंगरदह गांव में शराब के नशे में छोटे भाई ने बड़े भाई की बांस के डंडे से हमला कर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया.
गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नगर ऊंटारी थाना क्षेत्र के मंगरदह गांव में एक छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की बांस के मोटे डंडे से हमला कर हत्या कर दी. बताया जा रहा है कि शराब के नशे में घर पहुंचे आरोपी का किसी बात को लेकर बड़े भाई से विवाद हो गया था. इसी दौरान गुस्से में आकर उसने बड़े भाई के सिर पर डंडे से जोरदार वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान दिलेश सिंह (55) के रूप में हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया गया है.
पुलिस के मुताबिक, 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 5:30 बजे नगर ऊंटारी थाना को सूचना मिली कि मंगरदह गांव निवासी दिलेश सिंह, पिता स्वर्गीय शुभनाथ सिंह की हत्या कर दी गई है और उनका शव घर के अंदर पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अविनाश राज के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची. जांच के दौरान घर के अंदर से दिलेश सिंह का शव बरामद किया गया. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया.
शराब के नशे में घर पहुंचा था आरोपी, विवाद के बाद किया हमला
मृतक के बड़े भाई बालेश्वर सिंह (66) के फर्दबयान के अनुसार, 8 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे दिलेश सिंह खाना खाने के बाद सोने चले गए थे. इसी दौरान उनका छोटा भाई सुरेश सिंह शराब के नशे में घर पहुंचा. किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और गुस्से में आकर सुरेश सिंह ने बांस के मोटे डंडे से दिलेश सिंह के सिर पर जोरदार हमला कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दिलेश सिंह की मौत हो गई.
आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद
घटना की गंभीरता को देखते हुए गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुरेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है. फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. घटना के बाद गांव में शोक और चर्चा का माहौल है.
रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार