गढ़वा: जमीन के लालच में चाचा की हत्या, मां-बेटे ने गला घोंटकर शव मकई के खेत में फेंका

गढ़वा में करीब चार एकड़ जमीन के लालच में मां-बेटे पर चाचा की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गढ़वा (GARHWA): जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने रिश्तों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस के मुताबिक, चाचा की करीब चार एकड़ जमीन हथियाने के लालच में एक मां और उसके बेटे ने कथित तौर पर मिलकर हत्या की साजिश रची. मृतक राजेंद्र यादव की दो बेटियां थीं और आरोपियों की नजर उसकी जमीन पर थी. आरोप है कि इसी लालच में मां-बेटे ने राजेंद्र यादव की गला घोंटकर हत्या कर दी और वारदात के बाद शव को मकई के खेत में फेंक दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मकई के खेत से राजेंद्र यादव का शव बरामद किया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी.

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे और संदेह के आधार पर मृतक की भाभी मिला देवी और भतीजे मुन्नू यादव से पूछताछ की गई. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान जमीन विवाद और हत्या की साजिश से जुड़े तथ्य सामने आए. गढ़वा एसडीपीओ दिल्लु लोहार के मुताबिक, हत्या की मुख्य वजह करीब चार एकड़ जमीन बताई जा रही है. मृतक की दो बेटियां होने के कारण आरोपियों को कथित तौर पर जमीन अपने हाथ से निकलने का डर था. इसी लालच में मां-बेटे ने राजेंद्र यादव को रास्ते से हटाने की योजना बनाई. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा घटना के महज 24 घंटे के भीतर करने का दावा किया है. गिरफ्तार दोनों आरोपियों को पूछताछ और जांच की प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजने की तैयारी की जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी या नहीं. इस घटना ने एक बार फिर जमीन-जायदाद के विवाद में रिश्तों के खून होने की गंभीर तस्वीर सामने ला दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा.

रिपोर्ट- धर्मेन्द्र कुमार