दुर्गा पूजा को लेकर हाई अलर्ट पर गढ़वा पुलिस, अभेद सुरक्षा कवच में रहेगा पूरा जिला

Garhwa News: शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गढ़वा पुलिस हाई अलर्ट पर है. जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में गुरुवार को कल्याणपुर स्थित पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर हुए इस अभ्यास में जवानों ने भीड़ नियंत्रण, बलवा और आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया.

दुर्गा पूजा को लेकर हाई अलर्ट पर गढ़वा पुलिस, अभेद सुरक्षा कवच में रहेगा पूरा जिला

गढ़वा (GARHWA): शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गढ़वा पुलिस हाई अलर्ट पर है. जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में गुरुवार को कल्याणपुर स्थित पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के निर्देश पर हुए इस अभ्यास में जवानों ने भीड़ नियंत्रण, बलवा और आपात परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया. मॉक ड्रिल में एंबुलेंस को भी शामिल किया गया, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके.

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने दंगाइयों को नियंत्रित करने, भीड़ को व्यवस्थित करने और संवेदनशील परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने का अभ्यास किया. इस दौरान जवानों की तत्परता, आपसी समन्वय और संकट के समय प्रभावी कार्रवाई करने की क्षमता को परखा गया. पुलिस ने संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सुरक्षा रणनीतियों का भी अभ्यास किया.

दरअसल, दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की संभावना रहती है. ऐसे में अफवाहों, अव्यवस्था और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना पुलिस प्रशासन के लिए अहम चुनौती होती है. इसे देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है.

गढ़वा पुलिस का उद्देश्य त्योहार के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. मॉक ड्रिल के जरिए जवानों को आपात परिस्थितियों में तत्काल और समन्वित कार्रवाई के लिए तैयार किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में दुर्गा पूजा मना सकें.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार