गढ़वा: बेटी का इलाज कराने पहुंचे पुलिस जवान के साथ हो गया खेल, बाइक लेकर रफूचक्कर हुए चोर,घटना CCTV में क़ैद

गढ़वा सदर अस्पताल में बेटी का इलाज कराने पहुंचे पुलिस जवान की बाइक चोरी हो गई. CCTV फुटेज में चोर बाइक का लॉक खोलकर उसे ले जाते हुए कैद हुआ है. पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है.

गढ़वा (GARHWA): गढ़वा सदर अस्पताल में अपनी बेटी का इलाज कराने पहुंचे एक पुलिस जवान की बाइक चोरी हो गई. जवान अजीत पांडेय अस्पताल में बेटी का इलाज कराने के बाद जब वापस पार्किंग स्थल पर पहुंचे, तो उनकी मोटरसाइकिल वहां से गायब थी. काफी तलाश करने के बाद भी बाइक का कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद अस्पताल परिसर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें बाइक चोरी की पूरी वारदात कैद मिली.

CCTV फुटेज में एक युवक बाइक के आसपास घूमता नजर आ रहा है. वह पहले बाइक के पास पहुंचता है और काफी देर तक उसका लॉक खोलने की कोशिश करता है. कई बार प्रयास करने के बाद आखिरकार चोर बाइक का ताला खोलने में सफल हो जाता है. इसके बाद वह बाइक लेकर अस्पताल परिसर से फरार हो जाता है. चोरी का यह पूरा घटनाक्रम अस्पताल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. फुटेज सामने आने के बाद पुलिस अब इसी के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.

अस्पताल जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले परिसर में पुलिस जवान की बाइक चोरी होने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त जवान अपनी बेटी के इलाज में व्यस्त थे. इसी दौरान चोर ने मौका देखकर बाइक पर हाथ साफ कर दिया. घटना की सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है. फुटेज में दिखाई दे रहे युवक की पहचान करने के साथ उसकी गिरफ्तारी और चोरी की गई बाइक की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल CCTV में कैद चोर की यह ‘फिल्म’ पुलिस के लिए अहम सुराग बनी हुई है. अब देखना होगा कि कैमरे में कैद तस्वीरों के आधार पर पुलिस कब तक आरोपी तक पहुंच पाती है और चोरी हुई बाइक बरामद कर पाती है.

रिपोर्ट : धर्मेन्द्र कुमार