गढ़वा: रात में मां से की थी आखिरी बात, सुबह अस्पताल में मिली विवाहिता की लाश, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

गढ़वा: रात में मां से की थी आखिरी बात, सुबह अस्पताल में मिली विवाहिता की लाश, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या का आरोप

गढ़वा (GARHWA): गढ़वा जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के बुका गांव में एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की पहचान जीरा देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

परिजनों के अनुसार, रात करीब 10 बजे जीरा देवी ने अपनी मां से मोबाइल पर बात की थी. उस दौरान उसने किसी तरह की परेशानी या तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं दी थी. लेकिन अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे उसके देवर दिलीप राउत का फोन आया, जिसमें बताया गया कि जीरा देवी की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उसे श्री बंशीधर नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. कुछ देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि उसे बेहतर इलाज के लिए गढ़वा सदर अस्पताल रेफर किया गया है. जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे, तब तक जीरा देवी की मौत हो चुकी थी.

ससुराल पक्ष का कहना है कि जीरा देवी ने करीब डेढ़ महीने पहले बच्चे को जन्म दिया था. उनके अनुसार, शाम को स्नान करने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. शरीर में सूजन आने लगी और हालत गंभीर होने पर पहले उसे श्री बंशीधर नगर अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका के पिता अशर्फी यादव और मां आशा देवी, जो रमना प्रखंड के बुल्का गांव के रहने वाले हैं, ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है. उनका आरोप है कि वर्ष 2018 में शादी के बाद से ही जीरा देवी को ससुराल में प्रताड़ित किया जाता था.

परिजनों का कहना है कि अस्पताल में शव देखने पर उन्हें शरीर पर चोट के निशान दिखाई दिए. उन्होंने आरोप लगाया कि मृतका के सिर के बाल उखड़े हुए थे और मुंह से खून भी निकल रहा था. इन परिस्थितियों को देखते हुए उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि जीरा देवी अपने पीछे करीब डेढ़ माह के एक मासूम बेटे को छोड़ गई हैं. वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.