गढ़वा: त्योहार के दीपक से लगी आग ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना, अनाज-कपड़े समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख

गढ़वा के महुदंड गांव में दीपावली के दीपक से निकली चिंगारी ने गरीब परिवार का घर जला दिया. अनाज, कपड़े और घरेलू सामान राख हो गए.

गढ़वा: त्योहार के दीपक से लगी आग ने उजाड़ा गरीब परिवार का आशियाना, अनाज-कपड़े समेत पूरी गृहस्थी जलकर राख

गढ़वा (GARHWA): जिले में दीपावली की खुशियां एक गरीब परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गईं. जिस घर में दीप जलाकर खुशियों का त्योहार मनाया जा रहा था, उसी दीपक से निकली चिंगारी ने परिवार का आशियाना उजाड़ दिया. डंडई प्रखंड के महुदंड गांव में दीपावली की रात हुई इस अगलगी की घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत तमाम घरेलू सामान जलकर राख हो गया. इस हादसे के बाद परिवार के सामने अब रहने और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है.

मिली जानकारी के अनुसार, घटना डंडई प्रखंड की तसरार पंचायत अंतर्गत महुदंड गांव की है. बताया जाता है कि रविवार की रात दीपावली के अवसर पर परिवार के लोगों ने घर में दीपक जलाया था. इसी दौरान दीपक से निकली चिंगारी ने घर में आग पकड़ ली. शुरुआत में किसी को आग की भयावहता का अंदाजा नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं. घर में आग लगी देखकर परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई. शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी.

इस भीषण अगलगी में घर में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन और रोजमर्रा के इस्तेमाल का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया. वर्षों की मेहनत से परिवार ने जो गृहस्थी तैयार की थी, वह कुछ ही देर में राख के ढेर में तब्दील हो गई. घटना के बाद पीड़ित परिवार के पास न तो रहने का उचित इंतजाम बचा है और न ही खाने-पीने के लिए पर्याप्त सामान.

सोमवार सुबह पीड़ित परिवार ने प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री और उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाना चाहिए, ताकि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को कुछ सहारा मिल सके.

रिपोर्ट: धर्मेन्द्र कुमार