खर्चा-पानी मांगने वाली गढ़वा की BLO जमीला बीबी की नौकरी गई, डीसी ने किया बर्खास्त

खर्चा-पानी मांगने वाली गढ़वा की BLO जमीला बीबी की नौकरी गई, डीसी ने किया बर्खास्त

गढ़वा (GARHWA):झारखंड के गढ़वा जिले में SIR फॉर्म भरने के नाम पर पैसे मांगने के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है.रंका प्रखंड के बूथ संख्या-383 की बीएलओ जमीला बीबी को उपायुक्त पीएन मिश्रा के निर्देश पर बर्खास्त कर दिया गया है.दरअसल, जमीला बीबी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो में वह एसआईआर फॉर्म भरने और जमा करने के बदले 50 से 100 रुपये तक "खर्चा-पानी" मांगती हुई नजर आ रही थीं.

वीडियो वायरल होने के बाद मामले ने पकड़ा था तूल

इतना ही नहीं, पैसे नहीं देने पर नागरिकता छीन लेने जैसी बात भी कहती सुनाई दे रही थी. वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया.मामले की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने ग्राउंड स्तर पर जांच कराई. जांच के दौरान कई लोगों ने बीएलओ पर पैसे मांगने के आरोप लगाए.इसके बाद गढ़वा विधानसभा क्षेत्र-80 के निर्वाची पदाधिकारी ने जमीला बीबी को कारण बताओ नोटिस जारी किया.

नोटिस का जवाब नहीं दे पाई जमीला बीबी

हालांकि, नोटिस के जवाब से प्रशासन संतुष्ट नहीं हुआ.जांच में यह भी पुष्टि हुई कि वायरल वीडियो जमीला बीबी का ही था और उसमें उनकी आपत्तिजनक टिप्पणियां दर्ज थी. इसके बाद डीसी पी.एन. मिश्रा के निर्देश पर उन्हें बीएलओ के पद से बर्खास्त कर दिया गया.डीसी ने बताया कि जांच रिपोर्ट और नोटिस के असंतोषजनक जवाब के आधार पर यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

रिपोर्ट-धर्मेंद्र कुमार